scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमदेशअसम विधानसभा चुनाव में एआईयूडीएफ के साथ कोई चुनावी गठबंधन नहीं: गौरव गोगोई

असम विधानसभा चुनाव में एआईयूडीएफ के साथ कोई चुनावी गठबंधन नहीं: गौरव गोगोई

Text Size:

गुवाहाटी, 18 जनवरी (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने रविवार को कहा कि पार्टी राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बदरुद्दीन अजमल के नेतृत्व वाले एआईयूडीएफ के साथ कोई चुनावी गठबंधन नहीं करेगी।

गोगोई ने हाजो-सुआलकुची निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सभाओं को संबोधित करते हुए कहा, “पिछले लोकसभा चुनाव में एआईयूडीएफ की पूर्ण विफलता के बाद 2026 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनावी बाधा को पार करने की उसकी (एआईयूडीएफ की) सोच पूरी तरह गलत और भ्रमपूर्ण है।”

कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए किए गए गठबंधन की तर्ज पर कई अन्य विपक्षी दलों के साथ गठबंधन बनाने पर काम कर रही है और इससे एआईयूडीएफ को बाहर रखा गया है।

उन्होंने ‘बोर (ग्रेटर) असम’ के निर्माण के लिए जनता से समर्थन की अपील की और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को राज्य का ‘सबसे बेईमान’ मुख्यमंत्री करार दिया।

गोगोई ने दावा किया कि राज्य के छह समुदायों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने जैसे वादे पूरे न करना ‘यह साबित करता है कि शर्मा एक बेईमान’ मुख्यमंत्री हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि शर्मा ने अपनी पत्नी एवं बेटे के नाम पर अपार संपत्ति जमा कर रखी है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर उनकी (शर्मा की) सभी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर ली जाएंगी।

उन्होंने भाजपा पर धर्म, भाषा, जातीयता और समुदाय के नाम पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया।

गोगोई ने जोर देकर कहा कि ऐसी विभाजनकारी राजनीति केवल व्यक्तिगत हितों की पूर्ति करती है, विकास की नहीं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘शांति एवं सद्भाव का पुनर्निर्माण करेगी और गरीबों की सेवा उसी तरह करेगी जैसे पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने की थी।

राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने भी सत्ताधारी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा उन वादों को पूरा करने में ‘विफल’ रही, जिनके आधार पर वह सत्ता में आई थी।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments