scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमदेशझारखंड : बारात ले जा रही बस पलटी; सात लोगों की मौत, 80 अन्य घायल

झारखंड : बारात ले जा रही बस पलटी; सात लोगों की मौत, 80 अन्य घायल

Text Size:

लातेहार, 18 जनवरी (भाषा) झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को बारात ले जा रही एक बस के पलट जाने से उसमें सवार कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 80 घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा महुआडांड़ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओरसा बंगलाधारा घाटी में हुआ।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से बारात लेकर बस लातेहार के महुआडांड़ आ रही थी। बस पलट गई, जिससे चार महिलाओं सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लातेहार के उपायुक्त को घायलों को उचित चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने का निर्देश दिया।

अनुमंडल अधिकारी (एसडीएम) विपिन कुमार दुबे ने बताया कि 60 घायलों को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में और 20 से अधिक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया, ‘‘गंभीर हालत वाले बत्तीस लोगों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान अस्पताल (रिम्स) भेजा जा रहा है।’’

दुबे ने बताया कि मृतकों की पहचान रेशांति देवी (35), प्रेमा देवी (37), सीता देवी (45), सोनमती देवी (55), सुखना भुइयां (40) और विजय भुइयां के रूप में की गई। उन्होंने बताया कि लातेहार अस्पताल में जिस महिला की मौत हो गई, उसकी पहचान की जा रही है।

बस चालक विकास पाठक ने बताया कि बस में करीब 90 यात्री सवार थे।

उसने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बस के ब्रेक फेल हो गए थे। हैंडब्रेक का इस्तेमाल करके और इंजन बंद करके गाड़ी रोकने की कोशिश करने के बावजूद, मैं उस पर नियंत्रण नहीं पा सका और अंततः बस पलट गई।’’

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments