(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 16 जनवरी (भाषा) उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। कश्मीर में रात का तापमान शून्य के नीचे बना हुआ है वहीं कई अन्य स्थानों पर पारा गिरकर 0.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और शुक्रवार की सुबह प्रमुख शहर घने कोहरे की चादर से ढके नजर आए।
हरियाणा और पंजाब कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। हरियाणा का भिवानी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंजाब के एसबीएस नगर जिले के बल्लोवाल सौंखरी में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, हरियाणा के अन्य स्थानों में अंबाला में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.2 डिग्री, गुरुग्राम में 4.9 डिग्री, रोहतक में 5.2 डिग्री, जबकि फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री दर्ज किया गया।
इसी तरह, पंजाब के गुरदासपुर, बठिंडा और अमृतसर में भी कड़ाके की ठंड पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 2.7 डिग्री सेल्सियस, तीन डिग्री सेल्सियस और 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
लुधियाना में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटियाला में पारा छह डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा।
इसके अलावा, दोनों राज्यों में कई स्थानों पर सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई, जिसमें उनकी साझा राजधानी चंडीगढ़ भी शामिल है, जहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में भी कड़ाके की सर्दी से राहत नहीं मिली। अलवर, नागौर, फतेहपुर और करौली सहित चार स्थानों पर न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। हालांकि, जयपुर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
राष्ट्रीय राजधानी हालांकि लोगों को में ठंड से कुछ राहत मिली क्योंकि तापमान में मामूली वृद्धि हुई।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है।
अन्य स्टेशनों की बात करें तो, पालम में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम था, जबकि लोधी रोड में भी न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम था।
दिल्ली में तड़के घना कोहरा छाया रहा। सफदरजंग में सुबह आठ बजे दृश्यता सबसे कम 150 मीटर दर्ज की गई, जो साढ़े आठ बजे तक बढ़कर 300 मीटर हो गई। पालम में सुबह साढ़े सात बजे दृश्यता 150 मीटर तक गिर गई, जो आठ बजे तक बढ़कर 300 मीटर हो गई।
मौसम में सुधार के बावजूद, वायु गुणवत्ता में कोई राहत नहीं मिली।
राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्युआई) शाम को 354 के साथ ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बना रहा।
इसके परिणामस्वरूप, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने ग्रैप 3 के तहत प्रतिबंध लागू कर दिए।
वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद दो जनवरी को ग्रैप 3 के प्रतिबंध हटा दिए गए थे, लेकिन ग्रैप 1 और 2 के तहत कई निवारक और नियंत्रण उपाय पूरे एनसीआर में लागू थे।
पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य भर में मौसम शुष्क बना रहा और पिछले 24 घंटों में किसी भी जिले में बारिश की कोई खबर नहीं मिली।
राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम था।
हरदोई (चार डिग्री सेल्सियस), कानपुर शहर (4), अयोध्या (4), नजीबाबाद (4), मुजफ्फरनगर (4.1), मुरादाबाद (4.2) और बरेली (4.8) सहित अन्य जगहों पर भी न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट आई, जो सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा।
नोएडा में, घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण जिले भर में कक्षा आठवीं तक के स्कूल शुक्रवार और शनिवार को बंद रहेंगे।
कश्मीर में शुक्रवार को पूरे क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ और यह मौसम के औसत से ऊपर रहा। हालांकि, कोकरनाग को छोड़कर लगभग सभी जगहों पर रात का तापमान शून्य से नीचे बना रहा, जहां न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर रहा।
श्रीनगर में बृहस्पतिवार रात तापमान शून्य से नीचे 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से नीचे 3.9 डिग्री सेल्सियस से अधिक था।
दक्षिण कश्मीर का पुलवामा बृहस्पतिवार रात घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से नीचे 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के तापमान शून्य से नीचे 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक था।
भाषा राखी प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
