scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशआईएमडी ने पश्चिम बंगाल में इस सप्ताहांत से ठंड से राहत मिलने की संभावना जताई

आईएमडी ने पश्चिम बंगाल में इस सप्ताहांत से ठंड से राहत मिलने की संभावना जताई

Text Size:

कोलकाता, 14 जनवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी के साथ ही राज्य में इस सप्ताहांत से ठंड से राहत मिलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने कहा कि राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है और सुबह के समय कोहरा भी छाया रह सकता है।

आईएमडी ने पूर्वानूमान जताया है कि दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूच बिहार के उप-हिमालयी जिलों में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा रह सकता है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा।

मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना के साथ ही रविवार से ठंड कम होने का पूर्वानुमान है।

आईएमडी के अनुसार, बुधवार सुबह दार्जिलिंग के ऊपरी इलाके तीन डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य के सबसे ठंडे स्थान रहे, जबकि शहर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के मैदानी इलाकों में श्रीनिकेतन सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद कूच बिहार और बांकुड़ा का स्थान रहा। इन दोनों स्थानों पर तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके साथ ही राज्य के कई अन्य स्थानों पर भी न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जिनमें जलपाईगुड़ी (9.6 डिग्री), कल्याणी (9.8 डिग्री), बहरामपुर (10.2 डिग्री) और मेदिनीपुर (11.1 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भाषा

प्रचेता सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments