scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशप्रतापगढ़ में अभिलेखों में फर्जी हस्ताक्षर बनाने का आरोपी कानूनगो गिरफ्तार

प्रतापगढ़ में अभिलेखों में फर्जी हस्ताक्षर बनाने का आरोपी कानूनगो गिरफ्तार

Text Size:

प्रतापगढ़ (उप्र), 10 जनवरी (भाषा) प्रतापगढ़ जिले के थाना नगर कोतवाली पुलिस ने तहसीदार के फर्जी हस्ताक्षर करके धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित एक कानूनगो को ‘ट्रेजरी चौराहा’ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

नगर क्षेत्र के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रशांत राज ने शनिवार को बताया कि सदर तहसीलदार अरविंद कुमार ने 10 मई 2023 को थाना नगर कोतवाली में तहरीर देकर उनके फर्जी हस्ताक्षर से अभिलेखों में हेरफेर करने का मामला पंजीकृत कराया था।

एएसपी ने बताया कि पुलिस जांच के दौरान क्षेत्र के पश्चिमी सहोदरपुर निवासी तत्कालीन लेखपाल निर्भय यादव की संलिप्तता पाई गई, जो वर्तमान समय में जौनपुर में कानूनगो के पद पर कार्यरत हैं। लेखपाल ने एक व्यक्ति के पक्ष में जमीन करने के लिए यह धोखाधड़ी की थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के ट्रेजरी चौराहे से आरोपी निर्भय यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्यवाही कर उसे जेल भेज दिया है।

भाषा सं आनन्द

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments