scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशइंदौर पेयजल त्रासदी : 9,000 से ज्यादा लोगों की जांच, उल्टी-दस्त के 20 नये मरीज मिले

इंदौर पेयजल त्रासदी : 9,000 से ज्यादा लोगों की जांच, उल्टी-दस्त के 20 नये मरीज मिले

Text Size:

इंदौर (मध्यप्रदेश), चार जनवरी (भाषा) देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पेयजल से फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप की रोकथाम में जुटे स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 9,000 से ज्यादा लोगों की जांच की जिसमें उसे उल्टी-दस्त के 20 नये मरीज मिले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शहर के भागीरथपुरा इलाके में जारी सर्वेक्षण के दौरान 2,354 घरों के 9,416 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और इनमें उल्टी-दस्त के 20 नये मरीज मिले।

अधिकारियों के मुताबिक भागीरथपुरा में उल्टी-दस्त के प्रकोप के बाद अब तक अस्पतालों में कुल 398 मरीजों को भर्ती किया गया जिनमें से 256 लोगों को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल 142 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं जिनमें से 11 लोग गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि उल्टी-दस्त के प्रकोप की जांच के लिए कोलकाता के राष्ट्रीय जीवाणु संक्रमण अनुसंधान संस्थान (एनआईआरबीआई) का एक दल भी इंदौर आया है।

उन्होंने बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) से जुड़े एनआईआरबीआई के विशेषज्ञ इस प्रकोप की रोकथाम में स्वास्थ्य विभाग की तकनीकी मदद कर रहे हैं।

प्रशासन ने भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, महापौर भार्गव ने दो जनवरी को कहा था कि उन्हें इस प्रकोप में 10 मरीजों की मौत की जानकारी मिली है।

स्थानीय नागरिकों ने इस प्रकोप के कारण छह माह के बच्चे समेत 16 लोगों के दम तोड़ने का दावा किया है।

भाषा

हर्ष

रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments