scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशगांधीनगर में टाइफॉयड का प्रकोप: प्रशासन को युद्धस्तर पर काम करने का अमित शाह का निर्देश

गांधीनगर में टाइफॉयड का प्रकोप: प्रशासन को युद्धस्तर पर काम करने का अमित शाह का निर्देश

Text Size:

अहमदाबाद, चार जनवरी (भाषा) गांधीनगर शहर में टाइफॉयड के लगभग 100 संदिग्ध मामले सामने आने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रशासन को युद्ध स्तर पर काम करने के रविवार को निर्देश दिए। यह जानकारी गुजरात सरकार ने दी।

राज्य सरकार ने एक विज्ञप्ति में बताया कि पानी की पाइपलाइन में रिसाव के कारण टाइफॉयड के संदिग्ध मामले कुछ दिन पहले गांधीनगर शहर के सेक्टर 24, 28 और आदिवाडा इलाके में सामने आए थे। टाइफॉयड एक जलजनित बीमारी है।

विज्ञप्ति के अनुसार, अमित शाह ने पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत के आदेश दिए हैं।

राज्य की राजधानी में अब तक टाइफॉयड के 113 संदिग्ध मामले सामने आ चुके हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, इनमें से 19 मरीज इलाज के बाद ठीक होकर छुट्टी पा चुके हैं, जबकि 94 मरीज वर्तमान में गांधीनगर सिविल अस्पताल और सेक्टर 24 व 29 के स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज करा रहे हैं। विज्ञप्ति के अनुसार, सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई गई है।

विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रभावित इलाकों में 24 घंटे ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) शुरू कर दी गई हैं और सिविल अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों के परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि गांधीनगर से लोकसभा सदस्य अमित शाह लगातार उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, जिला कलेक्टर और नगर आयुक्त के संपर्क में हैं ताकि वर्तमान स्थिति की जानकारी मिलती रहे।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम करने का निर्देश दिया है।

रविवार को शाह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से टेलीफोन पर बातचीत की और उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि टाइफॉयड से प्रभावित बच्चों और नागरिकों को शीघ्र और उचित उपचार मिले।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने अधिकारियों को गांधीनगर सिविल अस्पताल में प्रभावित मरीजों और उनके परिजनों को भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने प्रभावित और आसपास के क्षेत्रों में पाइपलाइन के रिसाव की तत्काल मरम्मत और गहन निरीक्षण का आदेश दिया ताकि बीमारी को और फैलने से रोका जा सके।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि कि टाइफॉयड के संदिग्ध मामलों को देखते हुए गांधीनगर शहर में 75 स्वास्थ्य टीम द्वारा गहन स्वास्थ्य प्रबंधन और सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है।

गांधीनगर नगर निगम के सर्वेक्षण दलों ने अब तक 20,800 से अधिक घरों का निरीक्षण किया है और इसके तहत 90,000 से अधिक लोगों को कवर किया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि एहतियात के तौर पर 30,000 क्लोरीन की गोलियां और 20,600 ओआरएस पैकेट वितरित किए गए हैं।

सर्वेक्षण टीम घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करके जागरूकता पत्रक वितरित कर रही हैं और उनसे पानी उबालने, बाहर का खाना ना खाने और अपने हाथों को स्वच्छ रखने का आग्रह कर रही हैं।

इसमें यह भी बताया गया है कि बीमारी से प्रभावित क्षेत्रों में पाइपलाइन में पाई गई कुछ लीकेज को तत्काल आधार पर ठीक कर दिया गया है।

भाषा अमित नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments