scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमदेशफडणवीस ने बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन वादे पूरे करना भूल गए : कांग्रेस नेता सपकाल

फडणवीस ने बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन वादे पूरे करना भूल गए : कांग्रेस नेता सपकाल

Text Size:

धुले, 23 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए उन पर विदर्भ को अलग राज्य बनाने और राकांपा से गठबंधन न करने जैसे बड़े-बड़े दावे करने, लेकिन इन वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

सपकाल ने कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘‘विभाजनकारी राजनीति में लिप्त’’ है, जबकि उनकी पार्टी एकता की पक्षधर है।

उत्तर महाराष्ट्र के धुले में जनवरी में होने वाले महानगर पालिका चुनावों के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत करते हुए सपकाल ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने ‘‘झूठे’’ दावे किए और अपने ही वादों को पूरा करना भूल गए।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने (फडणवीस) अलग विदर्भ की बात की, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के साथ गठबंधन न करने का वादा किया और किसानों के लिए ऋण माफी एवं महिलाओं को वित्तीय सहायता देने के बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ।’’

महाराष्ट्र में 29 महानगर पालिकाओं के चुनाव के लिए मतदान 15 जनवरी को होगा, जबकि वोटों की गिनती 16 जनवरी को की जाएगी।

सपकाल ने कहा कि भाजपा का भारत के स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं था।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस के नेतृत्व में ही स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देश एकजुट हुआ और लाखों लोगों ने बलिदान दिए। यह विरासत कांग्रेस की है। जिनके पूर्वज स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों के साथ खड़े थे, वे आज सत्ता में हैं।’’

भाषा

शफीक पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments