scorecardresearch
Sunday, 1 February, 2026
होमदेशउत्तराखंड: अपमानजनक पोस्ट के लिए मंगलवार को भाजपा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे हरीश रावत

उत्तराखंड: अपमानजनक पोस्ट के लिए मंगलवार को भाजपा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे हरीश रावत

Text Size:

देहरादून, 22 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सोमवार को सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ एक और वीडियो पोस्ट किये जाने तथा उसमें उन्हें ‘देशद्रोही पाकिस्तानी एजेंट’ के रूप में दिखाए जाने का दावा करते हुए कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।

रावत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह भाजपा के इन ‘कुत्सित प्रयासों’ से बहुत आहत हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोस्ट में उन्हें देशद्रोही पाकिस्तानी एजेंट के रूप में दिखाया गया है।

उन्होंने कहा, “यह वीडियो भाजपा के सोच की भारी गिरावट का प्रतीक है। वह राजनीति को राजनीति और जनता के सवालों पर नहीं लड़ना चाहते हैं। वह झूठ और फरेब के सहारे राजनीति करना चाहते हैं। ”

पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी के लिए प्रधानमंत्री बनने की बात कहना राष्ट्र विरोधी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे किसी व्यक्ति को बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है जिससे उनका सैद्धांतिक विरोध हो।

रावत ने इस संबंध में दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के एक कथन का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं होना चाहिए’ ।

रावत ने कहा कि वह एक कर्मनिष्ठ व धर्मनिष्ठ हिंदू हैं।

उन्होंने कहा, “मैं एक उदार हिंदू हूं, जो सबका आदर करता है।”

इससे पहले, भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर एक रील अपलोड की गयी थी, जिसमें रावत को तुष्टिकरण का समर्थक बताया गया था।

रील में कांग्रेस नेता रावत को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘मुस्लिम शरणं गच्छामि, मजार शरणं गच्छामि, लव जिहाद शरणं गच्छामि जबकि उसके बाद की तस्वीरों में मजार का निर्माण होते तथा कुछ लोगों द्वारा मुस्कराते हुए देवभूमि को मजार भूमि बनाने की बात कहते दिखाया जा रहा है’।

रील के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ चलते दिखाई दे रहे हैं।

रावत ने कहा, “मैं भाजपा के दोनों कुत्सित कदमों से बहुत आहत हूं और मैंने फैसला किया है कि कल 23 दिसंबर को पौने एक बजे नेहरू कॉलोनी थाना, जिला देहरादून में भाजपा के ‘फेसबुक’ व अन्य छद्म सोशल मीडिया मंचों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करूंगा।”

उन्होंने कहा कि उसके बाद वह साइबर क्राइम थाने में जाएंगे तथा 24 दिसंबर को देहरादून के पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी और निर्वाचन आयोग के कार्यालय भी जाएंगे।

रावत ने रविवार को भाजपा से उस रील को तत्काल हटाने, माफी मांगने के साथ ही यह भी कहा था कि ऐसा न होने पर वह प्रदेश भाजपा मुख्यालय के बाहर लगातार सात दिनों तक धरना देंगे।

हालांकि, भाजपा ने रावत को पाकिस्तानी एजेंट बताने वाले वीडियो से कोई संबंध होने से इनकार कर दिया।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा, “इस नए वीडियो से हमारा कोई लेना देना नहीं है।”

चौहान ने रावत द्वारा भाजपा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के बारे में कहा कि जनता की अदालत में खुद पर लगे तुष्टिकरण के आरोपों को हटाने के लिए रावत सहानुभति का खेल खेल रहे हैं।

उन्होंने कहा, “तुष्टिकरण पर भाजपा ने कुछ नहीं किया है बल्कि बहुसंख्यकों ने खुद खुली आंखों से इसे देखा है। अपने कार्यकाल में वह कुछ अलोकप्रिय निर्णयों से बहुसंख्यकों की नाराजगी का शिकार हुए।”

भाजपा नेता ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री किसी भी एजेंसी से जांच कराएं, भाजपा को कोई ऐतराज नहीं है।

चौहान ने यह भी कहा कि पार्टी मुख्यालय में आने पर भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत करेगी लेकिन जिन आरोपों और उद्देश्य के साथ वह आना चाहते हैं, इसके लिए उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए।

भाषा दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments