scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशट्रक हादसे में लापता लोगों की तलाश के लिए असम, अरुणाचल सरकार एक साथ काम कर रही है: हिमंत

ट्रक हादसे में लापता लोगों की तलाश के लिए असम, अरुणाचल सरकार एक साथ काम कर रही है: हिमंत

Text Size:

गुवाहाटी, 11 दिसंबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने अरुणाचल प्रदेश में बीते सोमवार को हुए दुखद ट्रक हादसे में हुई मौतों पर बृहस्पतिवार को गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि इस हादसे में लापता हुए लोगों का पता लगाने के लिए असम और अरुणाचल प्रदेश की सरकारें मिलकर काम कर रही हैं।

अरुणाचल प्रदेश में एक ट्रक के खाई में गिरने से असम के तिनसुकिया जिले के कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग लापता हो गए।

शर्मा ने कहा कि हादसे में असम के लोगों की मृत्यु से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है।

हिमंत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस मामले में हमारा जिला प्रशासन अरुणाचल प्रदेश के संबंधित अधिकारियों से संपर्क में है और हर तरह की आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।’’

शर्मा ने कहा कि राहत एवं बचाव दल लापता लोगों का पता लगाने के लिए युद्धस्तर पर लगे हुए हैं।

उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू को संबद्ध करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि जरूरतमंदों को चिकित्सा सहायता मिले। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।’’

मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि टीमें बचाव और राहत कार्यों के लिए दुर्गम इलाकों में काम कर रही हैं और तिनसुकिया जिला प्रशासन अरुणाचल प्रदेश के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए हुए है।

कार्यालय के अनुसार, ‘प्रभावित लोगों को राहत और चिकित्सकीय सहायता मुहैया कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।’

यह घटना अरुणाचल प्रदेश के अंजाव जिले में हायुलियांग-चगलाघम मार्ग पर आठ दिसंबर यानी पिछले सोमवार को तब घटित हुई, जब 22 मजदूरों को ले जा रहा एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया।

ट्रक हादसे में जीवित बचे एकमात्र व्यक्ति ने बुधवार रात को पास के एक सेना शिविर में पहुंचकर घटना के बारे में अधिकारियों को जानकारी दी, जिसके बाद इस दुखद घटना की जानकारी सार्वजनिक हुई।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments