नयी दिल्ली, 10 दिसंबर (भाषा) संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) ने बुधवार को इस वर्ष के ‘चैंपियंस ऑफ द अर्थ’ में भारतीय प्रशासनिक अधिकारी (आईएएस) सुप्रिया साहू का नाम शामिल किया।
‘चैंपियंस ऑफ द अर्थ’ पर्यावरण के क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च सम्मान है।
तमिलनाडु सरकार के पर्यावरण विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव साहू को भारत में प्रमुख पर्यावरणीय चुनौतियों पर उनके “दीर्घकालिक कार्य” के लिए “इंस्पिरेशन एंड एक्शन” श्रेणी में चयनित किया गया है।
साहू को बुधवार को नैरोबी में आयोजित एक कार्यक्रम में यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
साहू ने अपने 30 साल के प्रशासनिक करियर के दौरान भारत की जैव विविधता पर काम किया है और साथ ही गैर-जिम्मेदाराना मानव व्यवहार से होने वाले गंभीर नुकसान को प्रत्यक्ष रूप से देखा है।
साहू ने नीलगिरि में जिला कलेक्टर के रूप में बिताए दिनों को याद करते हुए कहा, “मैंने जानवरों को प्लास्टिक कचरा खाते देखा और महसूस किया कि हमारा ग्रह घुट रहा है। इस अनुभव ने मुझे पर्यावरण से जोड़ दिया।”
साल 2000 में साहू ने “ऑपरेशन ब्लू माउंटेन” की शुरुआत की थी, जिसे जिले में एकल उपयोग प्लास्टिक को खत्म करने के लिए आयोजित किया गया था। यह अपनी तरह का पहला अभियान था।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
