scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमविदेशरूस ने नाटो अधिकारी की हमले संबंधी टिप्पणी को 'गैर-जिम्मेदाराना' बताया

रूस ने नाटो अधिकारी की हमले संबंधी टिप्पणी को ‘गैर-जिम्मेदाराना’ बताया

Text Size:

मॉस्को, एक दिसंबर (भाषा) रूस ने खतरे की स्थिति में मॉस्को पर हमले की अनुमति के संबंध में नाटो के एक वरिष्ठ अधिकारी की ओर से की गई टिप्पणी को सोमवार को “गैर-जिम्मेदाराना” करार दिया और पश्चिमी सैन्य गठबंधन के सदस्य देशों के लिए संभावित जोखिमों के बारे में चेताया।

रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने एक बयान में कहा, “हम रूस के खिलाफ हमलों की संभावना के बारे में एडमिरल कावो ड्रैगोन की टिप्पणी को बेहद गैर-जिम्मेदाराना मानते हैं।”

वह नाटो सैन्य समिति के अध्यक्ष इतालवी एडमिरल ग्यूसेप कावो ड्रैगोन की ओर से लंदन स्थित ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ को दिए गए साक्षात्कार पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रही थीं।

एडमिरल कावो ड्रैगन ने साक्षात्कार में कहा, “नाटो रूस के युद्ध के खिलाफ ‘अधिक आक्रामक’ रुख अपनाने पर विचार कर रहा है और खतरों के मद्देनजर कुछ परिस्थितियों में हमले को ‘रक्षात्मक कार्रवाई’ के रूप में देखा जा सकता है।”

जखारोवा ने कहा कि इन बयानों को यूक्रेन संकट के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों को कमजोर करने के कदम के रूप में देखा जाना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “जो लोग इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं, उन्हें स्पष्ट रूप से उन जोखिमों और संभावित परिणामों को समझना चाहिए, जो गठबंधन के अपने सदस्य देशों के लिए भी उत्पन्न होंगे।”

जखारोवा का परोक्ष संदर्भ रूस के परमाणु सिद्धांत में हाल में किए गए बदलावों से था, जिनके तहत गैर-परमाणु देशों के खिलाफ परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है, यदि वे सामूहिक विनाश के हथियार रखने वाले समूह का हिस्सा हैं।

भाषा आशीष पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments