scorecardresearch
Friday, 28 November, 2025
होमदेशभारत सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अनुभव कर रहा : प्रधानमंत्री मोदी

भारत सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अनुभव कर रहा : प्रधानमंत्री मोदी

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

पणजी, 28 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत एक सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अनुभव कर रहा है और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का व्यापक जीर्णोद्धार और उज्जैन में महाकाल महालोक का विस्तार देश की ‘‘चेतना’’ को दर्शाते हैं।

श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ के 550 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोहों के तहत दक्षिण गोवा में भगवान राम की 77 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मोदी एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

गोवा सरकार के अनुसार, यह विश्व में राम की सबसे ऊंची प्रतिमा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आज भारत एक सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अनुभव कर रहा है। अयोध्या में राम मंदिर का जीर्णोद्धार, काशी विश्वनाथ धाम का व्यापक जीर्णोद्धार और उज्जैन में महाकाल महालोक का विस्तार, ये सभी देश की नयी चेतना और इसकी आध्यात्मिक विरासत के सशक्त पुनरुत्थान के उदाहरण हैं।’’

उन्होंने कहा कि यह पुनर्जागरण भावी पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करेगा।

गोवा के इतिहास का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि ऐसे समय भी आए जब गोवा के मंदिरों और स्थानीय परंपराओं को भाषा और सांस्कृतिक पहचान पर दबाव के कारण संकट का सामना करना पड़ा, लेकिन ये परिस्थितियां समाज की आत्मा को कमजोर नहीं कर सकीं, बल्कि उन्होंने इसे और भी दृढ़ बनाया।

उन्होंने कहा कि यह गोवा की अनूठी विशेषता है कि इसकी संस्कृति ने हर बदलाव में अपने मूल स्वरूप को बरकरार रखा है और समय के साथ ये पुनर्जीवित भी हुई है।

मठ की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 550 वर्षों में इस संस्था ने ‘‘समय के अनगिनत चक्रवातों को सहन किया है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘युग बदले, कालखंड बदले, देश और समाज में अनेक परिवर्तन हुए, लेकिन बदलते युग और चुनौतियों के बीच भी मठ ने अपनी दिशा नहीं खोई, बल्कि लोगों को दिशा देने वाले केंद्र के रूप में उभरा और यही इसकी सबसे बड़ी पहचान है।’’

मोदी ने कहा कि विकसित भारत के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए लोगों के बीच एकता जरूरी है।

मोदी ने कहा, ‘‘जब समाज एकजुट होता है, जब हर क्षेत्र और हर वर्ग एकजुट होता है, तभी कोई राष्ट्र बड़ी छलांग लगाता है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ का उद्देश्य लोगों के दिलों को जोड़ना और परंपरा व आधुनिकता के बीच सेतु का निर्माण करना है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, विकसित भारत की यात्रा में मठ एक महत्वपूर्ण और केंद्रीय भूमिका निभाता है।’’

मोदी ने लोगों से नौ संकल्प लेने को कहा, ये संकल्प हैं – जल संरक्षण, पौधारोपण, स्वच्छता, स्वदेशी को अपनाना, देश दर्शन, प्राकृतिक खेती, स्वस्थ जीवन शैली, योग और खेल, तथा जरूरतमंदों की मदद करना।

मोदी ने रामायण पर आधारित एक थीम पार्क का भी उद्घाटन किया और कहा कि ये नये परिसर आने वाली पीढ़ियों के लिए ध्यान, प्रेरणा और भक्ति के स्थायी केंद्र बनेंगे।

उन्होंने कहा कि साधुओं और संतों की संगति में आना एक आध्यात्मिक अनुभव है।

मोदी ने दक्षिण गोवा के पर्तगाली स्थित मठ में मंदिर का भी दौरा किया।

कार्यक्रम में गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और मठ के श्रीमद विद्याधीश तीर्थ स्वामी उपस्थित थे।

गोवा के लोक निर्माण विभाग मंत्री दिगंबर कामत ने बताया कि गुजरात में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का डिजाइन तैयार करने वाले मूर्तिकार राम सुतार ने भगवान राम की यह प्रतिमा बनाई है।

उन्होंने दावा किया कि विश्व में भगवान राम की यह सबसे ऊंची प्रतिमा है।

भाषा शफीक रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments