scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमदेशअर्थजगतरेलटेल नोएडा फेज-2 में 10 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर खोलेगी

रेलटेल नोएडा फेज-2 में 10 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर खोलेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 नवंबर (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नवरत्न कंपनी रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ़ इंडिया की नोएडा में टेक्नो इलेक्ट्रिक एंड इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड के साथ साझेदारी में 10 मेगावाट क्षमता के डेटा सेंटर की स्थापना की पहल के लिए तारीफ की है।

वैष्णव ने नोएडा में रेल उपक्रम के प्रस्तावित डेटा सेंटर के ‘भूमि पूजन’ समारोह के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘यह घरेलू डेटा सेंटर देश के भीतर ही डेटा रखने की जरूरतें पूरी करने और राष्ट्रीय डेटा सुरक्षा को मज़बूत करने में मदद करेगा।’

रेलटेल कॉरपोरेशन ने कहा कि नोएडा फेज-2 के भीतर 17,000 वर्ग मीटर में फैला सिल्वर जुबली डेटा सेंटर शुरू में 10 मेगावाट क्षमता के लिए विकसित किया जाएगा।

रेलटेल ने एक प्रेस नोट में कहा, ‘यह डेटा सेंटर नवीनतम उद्योग मानदंडों का पालन करेगी। डेटा सेंटर मेजबानी (शेयर्ड और डेडिकेटेड), को-लोकेशन, प्रबंधित सेवाएं जैसी कई तरह की सेवाएं देगा।’

इस कार्यक्रम में रेलटेल कॉरपोरेशन के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार, टेक्नो इलेक्ट्रिक के निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अंकित सरैया भी मौजूद थे।

इस अवसर पर कुमार ने कहा, ‘यह साझेदारी डिजिटल इंडिया मिशन के लिए हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। टेक्नो इलेक्ट्रिक एंड इंजीनियरिंग कंपनी को प्रतिस्पर्धी खुली निविदा के तहत 30-साल के राजस्व-साझाकरण मॉडल के तहत साझेदार चुना गया है।’

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments