नयी दिल्ली, 25 नवंबर (भाषा) सरकार ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ इंडिया में नए कार्यकारी निदेशक (ईडी) नियुक्त किए हैं। इन बैंकों ने मंगलवार को शेयर बाजार को यह जानकारी दी। ये सभी नियुक्तियां तीन वर्षों के लिए की गई हैं।
पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य महाप्रबंधक अमरेश प्रसाद को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति तीन वर्ष या 31 अक्टूबर 2028 को सेवानिवृत्ति तक या अगले आदेश तक के लिए है।
प्रसाद के पास शाखा बैंकिंग, क्षेत्रीय कार्यालय और प्रधान कार्यालय में काम करने सहित 32 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह कॉरपोरेट ऋण, ऋण समीक्षा एवं निगरानी और लेनदेन निगरानी में विशेषज्ञता रखते हैं।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में इसी बैंक के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक ई रतन कुमार को बोर्ड में कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्होंने 1997 में सेंट्रल बैंक से ही करियर शुरू किया था और उनके पास कोर बैंकिंग तथा आईटी क्षेत्र में लगभग 35 वर्षों का अनुभव है।
बैंक ऑफ इंडिया में प्रमोद कुमार द्विवेदी ने 24 नवंबर को कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।
उन्होंने तीन दशक से अधिक के करियर में भारत और विदेश में विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है तथा उनके पास बैंकिंग संचालन के लगभग सभी क्षेत्रों के साथ ही प्रशासनिक जिम्मेदारियों का भी अनुभव है।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
