नयी दिल्ली, 19 नवंबर (भाषा) कंतार की सूची में शामिल शीर्ष 100 सबसे मूल्यवान भारतीय ब्रांड का कुल मूल्य 2025 में 523.5 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा। यह देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 13 प्रतिशत है।
बुधवार को जारी 2025 की नवीनतम कंतार ब्रांड रिपोर्ट में 100 ब्रांड को शामिल किया गया है, जिनका कुल ब्रांड मूल्य सालाना आधार पर छह प्रतिशत बढ़ा है।
रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘ये परिणाम भारत की आर्थिक स्थिति में ब्रांड मूल्य के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हैं, जिसमें वैश्विक विस्तार के माध्यम से वृद्धि के अपार अवसर हैं।’’
एचएफडीसी बैंक एक बार फिर भारत का सबसे मूल्यवान ब्रांड बन गया है, जिसका ब्रांड मूल्य 18 प्रतिशत बढ़कर लगभग 45 अरब डॉलर हो गया।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज 44.2 अरब अमेरिकी डॉलर के मूल्य के साथ दूसरे स्थान पर रही, और प्रमुख दूरसंचार कंपनी एयरटेल 41.1 अरब अमेरिकी डॉलर के ब्रांड मूल्य के साथ तीसरे स्थान पर रही।
कंतार ब्रांड रिपोर्ट में प्रमुख आईटी कंपनी इन्फोसिस ब्रांड मूल्यांकन के लिहाज से चौथे स्थान पर रही, और आईसीआईसीआई बैंक पांचवें स्थान पर रहा।
भारत के शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान ब्रांड इस रैंकिंग के कुल मूल्य में 47 प्रतिशत का योगदान करते हैं।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
