नयी दिल्ली, 19 नवंबर (भाषा) एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बुधवार को बोली के पहले दिन 1.45 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, तीन दिवसीय आईपीओ को 3,07,01,754 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 4,45,38,250 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 2.45 गुना अभिदान मिला, जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के लिए कोटा को 1.85 गुना अभिदान प्राप्त हुआ। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को एक प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ।
शिक्षण और मूल्यांकन बाजार पर केंद्रित एक वर्टिकल सॉफ्टवेयर-एज-ए-सर्विस (एसएएएस) कंपनी एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से 150 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
500 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 21 नवंबर को बंद होगा। इसका मूल्य दायरा 114-120 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है, जिससे कंपनी का ऊपरी मूल्यांकन लगभग 1,380 करोड़ रुपये हो जाता है।
आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में 180 करोड़ रुपये तक का एक नया निर्गम और 320 करोड़ रुपये तक का एक बिक्री प्रस्ताव शामिल है।
कंपनी ने मैसूर संपत्ति पर भूमि की खरीद और एक नए भवन के निर्माण के लिए नए निर्गम से 61.76 करोड़ रुपये का उपयोग करने का प्रस्ताव रखा है। मैसूर में अपनी मौजूदा सुविधा के उन्नयन और बाहरी विद्युत प्रणालियों के लिए 39.51 करोड़ रुपये; कंपनी के आईटी बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए 54.63 करोड़ रुपये और शेष राशि सामान्य कंपनी कामकाज पर खर्च की जाएगी।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
