नयी दिल्ली, 19 नवंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) ने मध्य प्रदेश में एक तांबा खनन परियोजना में हुई दुर्घटना में उसके एक संविदा कर्मचारी की मृत्यु की बुधवार को जानकारी दी।
कर्मचारी की नियुक्ति खनन ठेकेदार ने की थी। यह दुर्घटना मध्य प्रदेश में हिंदुस्तान कॉपर की प्रमुख इकाई मलाजखंड कॉपर परियोजना में हुई।
कंपनी ने बीएसई को दी सूचना में बताया कि ‘‘ मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में मलाजखंड कॉपर परियोजना में हुई दुर्घटना के कारण एक खनन ठेकेदार द्वारा नियुक्त एक संविदा कर्मचारी की 19 नवंबर 2025 को मृत्यु हो गई।’’
एचसीएल ने कहा कि वह कर्मचारी की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करता है।
हिंदुस्तान कॉपर तांबा अयस्क खनन में लगा हुआ है और देश में तांबा अयस्क के लिए सभी परिचालन खनन पट्टे उसके पास हैं।
कंपनी वर्तमान में तांबे के अयस्क की खोज, खनन एवं लाभकारी प्रसंस्करण पर ध्यान केंद्रित कर रही है ताकि तांबे के सांद्रण का उत्पादन एवं बिक्री की जा सके जिससे उसे इस गतिशील बाजार में बेहतर लाभप्रदता प्राप्त होती है।
एचसीएल मलाजखंड, खेतड़ी और घाटशिला में तांबे की खदानों का संचालन करती है। इसकी योजना 2030-31 तक अपनी अयस्क उत्पादन क्षमता को वर्तमान 40 लाख टन प्रति वर्ष से तीन गुना कर 1.22 करोड़ टन प्रति वर्ष करने की है।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
