मुंबई, 19 नवंबर (भाषा) वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता अशोक लीलैंड ने अपनी विदेशी विस्तार योजनाओं के तहत फारस की खाड़ी के तट पर स्थित कतर स्थित अल-फुत्तैम समूह की कंपनी एफएएमसीओ कतर के साथ साझेदारी करने की बुधवार को जानकारी दी।
यह कदम अशोक लीलैंड द्वारा पिछले साल एफएएमसीओ केएसए के साथ सऊदी अरब में किए गए विस्तार के बाद उठाया गया है। इससे अल-फुत्तैम और अशोक लीलैंड के बीच मजबूत रणनीतिक गठबंधन को बल मिला है।
अशोक लीलैंड ने कहा कि एफएएमसीओ कतर के साथ अपनी साझेदारी के माध्यम से वह स्थानीय व्यवसायों एवं समुदायों की जरूरतों के अनुरूप नई इलेक्ट्रिक बस सहित अपनी पूर्ण वाणिज्यिक वाहन श्रृंखला पेश करेगी।
कंपनी के अंतरराष्ट्रीय परिचालन प्रमुख राजेश आर. ने कहा, ‘‘ हम एफएएमसीओ कतर और अल-फुतैम समूह के साथ साझेदारी में कतर में अशोक लीलैंड के सर्वश्रेष्ठ वाणिज्यिक वाहन पेश कर रहे हैं। यहां हमारी उपस्थिति पश्चिम एशिया में हमारे सिद्ध रिकॉर्ड को आगे बढ़ाती है और इन बाजारों में परिवहन के भविष्य को आकार देने के लिए हमारी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’
अशोक लीलैंड ने कहा कि विभिन्न ईंधन व मॉडल में उसके वाहनों को विभिन्न क्षेत्रों में पेश किया जाएगा।
अल-फुत्तैम इंडस्ट्रियल इक्विपमेंट के प्रबंध निदेशक रमेज हमदान ने कहा, ‘‘ सऊदी अरब में अपनी सफलता के बाद, हम उस (सहयोग) प्रभाव को कतर में ला रहे हैं..एक ऐसा देश जो अपने बुनियादी ढांचे, अपने लोगों और अपने भविष्य में निवेश कर रहा है। अशोक लीलैंड की विश्वसनीय श्रृंखला (जिसमें नई इलेक्ट्रिक बसें और एफएएमसीओ कतर शामिल हैं) के साथ हम कतर के व्यवसायों एवं समुदायों के लिए एक अधिक जुड़े हुए, अधिक टिकाऊ कल को आकार देने में मदद कर रहे हैं।’’
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
