भुवनेश्वर, 16 नवंबर (भाषा) ओडिशा की विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल ने रविवार को नुआपाड़ा उपचुनाव के नतीजों को खारिज किया और निर्वाचन आयोग पर सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा की गई ‘‘धांधली’’ को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया।
इस बीच, चुनाव में धांधली के बीजद के आरोपों को भाजपा ने खारिज किया है।
बीजद नुआपाड़ा उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बाद तीसरे स्थान पर रहा।
नुआपाड़ा विधानसभा सीट बीजद के पास थी और इसके विधायक राजेंद्र ढोलकिया के निधन के कारण उपचुनाव कराना पड़ा। बीजद द्वारा उनके बेटे जय ढोलकिया को उपचुनाव में उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा थी, लेकिन वह भाजपा में शामिल हो गए और इसके उम्मीदवार बन गए। इस घटनाक्रम से बीजद को शर्मिंदगी उठानी पड़ी। इसके बाद पार्टी ने अपनी महिला शाखा की प्रमुख स्नेहांगिनी छुरिया को मैदान में उतारा।
छुरिया ने बीजद के प्रदेश मुख्यालय शंख भवन में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं नुआपाड़ा उपचुनाव के परिणामों को पूरी तरह से खारिज करती हूं और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने में विफल रहने पर भारत निर्वाचन आयोग तथा जिला प्रशासन की निंदा करती हूं।’’
भाजपा उम्मीदवार जय ढोलकिया ने 1.23 लाख से अधिक वोट हासिल कर उपचुनाव जीता, जबकि छुरिया को केवल 38,408 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहीं। कांग्रेस उम्मीदवार घासीराम माझी 40,121 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
छुरिया ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा ने प्रशासनिक मशीनरी और पुलिस का इस्तेमाल करके उपचुनाव में हेराफेरी की। नुआपाड़ा के जिलाधिकारी (जो जिला निर्वाचन अधिकारी थे) और पुलिस अधीक्षक ने भाजपा के एजेंट की तरह काम किया तथा सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं द्वारा की जा रही चुनावी धोखाधड़ी को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।’’
उन्होंने कहा कि नुआपाड़ा के लोग भी उपचुनाव के नतीजों से हैरान हैं।
भाजपा महासचिव बिरंची त्रिपाठी ने छुरिया के आरोपों को खारिज किया और विपक्षी पार्टी से आत्मचिंतन करने तथा नुआपाड़ा के लोगों का अपमान न करने को कहा, जिन्होंने उपचुनाव में बड़े पैमाने पर भाग लिया।
उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी और उसके उम्मीदवार को जनता का फैसला स्वीकार करना चाहिए।
त्रिपाठी ने कहा, ‘‘बीजद को यह समझ लेना चाहिए कि ओडिशा की जनता का उससे अब पूरी तरह से भरोसा उठ गया है। पहली बार पूरी चुनाव प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में हुई, इसलिए विपक्ष के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।’’
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
