scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशगैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की वजह से मुंबई में सीएनजी की आपूर्ति प्रभावित

गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की वजह से मुंबई में सीएनजी की आपूर्ति प्रभावित

Text Size:

मुंबई, 16 नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र की राजधानी में मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण रविवार को सीएनजी की आपूर्ति प्रभावित हुई। महानगर गैस (एमजीएल) ने यह जानकारी दी।

ओला और उबर जैसी कंपनियों द्वारा संचालित अधिकांश ऑटोरिक्शा और टैक्सी, तथा सार्वजनिक परिवहन उपक्रमों द्वारा संचालित कुछ बसें भी एमजीएल की ओर से आपूर्ति की जाने वाली संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) पर निर्भर हैं।

एमजीएल ने हालांकि दावा किया कि उसने घरों तक आपूर्ति को ‘‘प्राथमिकता’’ दी है, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि घरों तक पाइप के माध्यम से प्राकृतिक गैस की आपूर्ति जारी रहेगी।

कंपनी के एक बयान में कहा गया, ‘‘आरसीएफ (राष्ट्रीय रसायन एवं उर्वरक) परिसर के अंदर गेल (भारतीय गैस प्राधिकरण) की मुख्य गैस आपूर्ति पाइपलाइन में तीसरे पक्ष द्वारा क्षति पहुंचने के कारण, वडाला स्थित एमजीएल के सिटी गेट स्टेशन (सीजीएस) को गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है।’’

इसमें कहा गया है कि सीजीएस वडाला में गैस आपूर्ति बंद होने और इसके परिणामस्वरूप एमजीएल पाइपलाइन नेटवर्क बंद होने के कारण सार्वजनिक परिवहन उपक्रमों के लिए समर्पित सीएनजी पंप सहित मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में सीएनजी पंप पर ‘‘आपूर्ति बंद हो सकती है।’’

कंपनी ने यह नहीं बताया कि गैस आपूर्ति कब तक बहाल हो जाएगी, तथा न ही महत्वपूर्ण पाइपलाइन में क्षति के कारणों की विस्तृत जानकारी दी।

एमजीएल ने प्रभावित क्षेत्रों में अपने औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों को ‘‘वैकल्पिक ईंधन अपनाने’’ की सलाह दी।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments