सिलीगुड़ी, 15 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख समिक भट्टाचार्य ने शनिवार को कहा कि पार्टी 2026 के विधानसभा चुनाव में राज्य में सत्ता में आएगी।
भट्टाचार्य ने यहां बागडोगरा हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि बंगाल के लोगों को यह एहसास हो गया है कि देश भाजपा के बिना नहीं चल सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘तेजस्वी यादव का जोश अब नहीं रहा। अब बंगाल की बारी है। लोग समझ गए हैं कि भारत भाजपा के बिना नहीं चल सकता।’’
भट्टाचार्य ने दावा किया कि कांग्रेस और अन्य दलों ने बिहार में जनता को निराश किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन जनता के जनादेश को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘देखिए, कांग्रेस और दूसरी पार्टियों ने बिहार में आम लोगों के साथ क्या किया है। सब समझ गए हैं कि अगर हम ठीक से काम नहीं करेंगे, तो हमारी स्थिति भी ठीक नहीं रहेगी। बिहार की जनता समझ गई, इसलिए उन्होंने भाजपा को वोट दिया। खुद को मजबूत स्थिति में बनाए रखने के लिए लोगों को यही करना होगा।’’
भट्टाचार्य ने कहा कि अब देखना होगा कि बंगाल की जनता क्या करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार की जनता समझ गई है, बंगाल की जनता भी समझेगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब बंगाल नहीं चला सकतीं, वह डर गई हैं। आप निश्चिंत रहिए, इस बार भाजपा सत्ता में आएगी।’’
भट्टाचार्य ने आतंकवाद पर भी चिंता जताई और मुस्लिम समुदाय से इस बात पर विचार करने का आह्वान किया कि डॉक्टरों समेत शिक्षित लोग चरमपंथी गतिविधियों में क्यों शामिल हो रहे हैं।
भाजपा नेता ने रणनीतिक ‘चिकन नेक’ क्षेत्र के बारे में आशंकाएं व्यक्त कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बार-बार पश्चिम बंगाल से इस क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
भाषा राजकुमार शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
