मुंबई, 15 नवंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी के महाराष्ट्र मामलों के प्रभारी रमेश चेन्निथला ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस कभी गायब नहीं हुई है और चुनावी असफलताओं के बावजूद प्रासंगिक बनी रहेगी।
कांग्रेस महासचिव ने यहां पार्टी की एक दिवसीय बैठक में कहा कि हार पार्टी के लिए कोई नई बात नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के दौर में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उसने और भी मजबूती से वापसी की। कांग्रेस एक विचारधारा है और लोग आज भी उसपर विश्वास करते हैं। यह दावा कि कांग्रेस खत्म हो जाएगी या बिखर जाएगी, बेमानी है।’’
भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और अन्य दलों के महागठबंधन को करारी शिकस्त दी है। शुक्रवार को घोषित नतीजों में 243 सदस्यीय विधानसभा में राजग ने 200 से अधिक सीट जीती हैं।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल तथा पार्टी की मुंबई इकाई की अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ भी यहां पार्टी की इस बैठक में शामिल हुए।
सपकाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बिहार के नतीजों से निराश न होने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर नतीजे अलग होते, तो उत्साह और भी ज्यादा होता। लेकिन, हिम्मत हारने की कोई बात नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरना होगा। हमें रोना नहीं, लड़ना होगा।’’
उन्होंने आगामी बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव के लिए पूरी ताकत से तैयारी करने की अपील की।
सपकाल ने कहा कि कांग्रेस विचारधारा से प्रेरित है और ‘‘राहुल गांधी के नेतृत्व से निर्देशित है, जो ‘नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो’ संदेश को बढ़ावा दे रहे हैं और भयमुक्त समाज के लिए अभियान चला रहे हैं।’’
भाषा राजकुमार शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
