scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमखेलअंकिता ने ओलंपिक रजत पदक विजेता को हराकर एशियाई तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीता

अंकिता ने ओलंपिक रजत पदक विजेता को हराकर एशियाई तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीता

Text Size:

ढाका, 14 नवंबर (भाषा) भारतीय तीरंदाज अंकिता भकत ने शुक्रवार को यहां एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप में पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता दक्षिण कोरिया की नाम सुहयोन को पांच सेट के चुनौतीपूर्ण फाइनल में 7-3 से हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए महिला रिकर्व स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।

भारत ने संगीता की बदौलत महिला रिकर्व का कांस्य पदक भी हासिल किया जिसमें इस तीरंदाज ने हमवतन और अनुभवी पांच बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी को शूट-ऑफ में 6-5 से शिकस्त दी।

अंकिता ने इससे पहले सेमीफाइनल में सीनियर साथी और दुनिया की पूर्व नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी को हराया था। दोनों 5-5 से बराबरी पर थीं और शूट-ऑफ में भी दोनों तीरंदाजों ने नौ-नौ अंक बनाए। लेकिन अंकिता का तीर केंद्र के करीब था जिससे वह खिताबी मुकाबले में पहुंच गईं।

अंकिता ने फाइनल में पहला सेट 29-27 से अपने नाम कर लिया। दूसरा सेट 27-27 से बराबरी पर रहा। नाम तीसरा सेट 28-26 से जीतकर बराबरी पर आ गईं। लेकिन चौथे सेट में भारतीय तीरंदाज़ ने शानदार वापसी की और 29-28 के शानदार प्रयास से 5-3 की बढ़त बना ली। इस भारतीय ने निर्णायक सेट में भी दमखम दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया।

अंकिता ने इस तरह एशिया की लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली तीरंदाजों में से एक के खिलाफ शानदार जीत हासिल की।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments