scorecardresearch
Friday, 14 November, 2025
होमदेशबिहार का परिणाम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की शक्ति का परिचायक: मोहन यादव

बिहार का परिणाम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की शक्ति का परिचायक: मोहन यादव

Text Size:

इंदौर, 14 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के रुझान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की शक्ति का परिचायक हैं जहां एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता में आता हुआ साफ नजर आ रहा है।

यादव ने बिहार चुनाव की मतगणना के रुझानों में सत्तारूढ़ राजग को मिलती बढ़त पर प्रसन्नता जताते हुए इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की ताकत बता रहे हैं। हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद बिहार में एक बार फिर राजग की जीत हो रही है। यह मोदी के नेतृत्व का कमाल है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान उन्होंने पहले ही भांप लिया था कि चारों ओर सियासी माहौल राजग के वास्ते अनुकूल था जिसका लाभ मतगणना के रुझान में नजर आ रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव का जो परिणाम आता नजर आ रहा है, उसे देखकर कांग्रेस हमेशा की तरह ‘‘खिसियानी बिल्ली की तरह खंभा नोच रही है’’।

यादव ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘बिहार में विधानसभा चुनाव जारी रहने के दौरान कांग्रेस के राजकुमार (राहुल गांधी) मध्यप्रदेश में छुट्टी मना रहे थे। कांग्रेस को (चुनाव परिणाम पर) कुछ भी बोलने का अधिकार नहीं है।’

उन्होंने गांधी पर कटाक्ष किया, ‘‘शादी के लिए बैंड-बाजा, घोड़ीवाला और बाराती तैयार थे, लेकिन दूल्हा ही भाग गया। वह (गांधी) बिहार का चुनाव छोड़कर मध्यप्रदेश क्यों आए?’’

कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करने मध्यप्रदेश के पचमढ़ी पहुंचे गांधी ने नौ नवंबर को जंगल सफारी का लुत्फ भी उठाया था।

भाषा हर्ष मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments