नयी दिल्ली, 13 नवंबर (भाषा) सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने जुलाई, 2026 से जून, 2027 की अवधि के दौरान पलायन पर एक सर्वेक्षण करने का प्रस्ताव दिया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सर्वेक्षण का उद्देश्य देश भर में परिवारों और व्यक्तियों से जुड़े पलायन की दर, पलायन के कारण, अल्पकालिक पलायन और अन्य संबंधित विशेषताओं पर विश्वसनीय आंकड़े तैयार करना है।
बयान के अनुसार, आगामी पलायन सर्वेक्षण की व्यापकता और उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए एनएसओ ने सर्वेक्षण उपकरण विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रारूपित कार्यक्रम को व्यापक परामर्श के लिए एमओएसपीआई की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।
नीतिनिर्माता, शोधकर्ता, शैक्षणिक संस्थान और आम जनता को कार्यक्रम की समीक्षा करने और इसके ढांचे, सामग्री तथा कवरेज पर अपने सुझाव या प्रतिक्रिया साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
बयान में कहा गया है कि टिप्पणियां और सुझाव 30 नवंबर, 2025 तक भेजे जा सकते हैं।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
