(शीर्षक और इंट्रो में स्थान के नाम में बदलाव के साथ)
नयी दिल्ली, 13 नवंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 190 करोड़ रुपये का सीमा शुल्क कथित तौर पर नहीं चुकाने को लेकर दिल्ली में एक व्यवसायी और उसके कर्मचारियों के परिसरों पर छापेमारी की है।
व्यवसायी और उसके कर्मचारियों पर फर्जी निर्यात दस्तावेज बनाकर माल को नेपाल और बांग्लादेश निर्यात किये जाने का गलत दावा करने का आरोप है, जबकि असल में ये वस्तुएं देश के अंदर ही बेची जा रही थीं।
ईडी अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा मैसर्स टाइटन सी एंड एयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और अन्य के मामले में दर्ज की गई प्राथमिकी के आधार पर यह तलाशी ली गई।
अधिकारियों ने बताया कि 190 करोड़ रुपये का सीमा शुल्क भुगतान नहीं करने के प्रमुख आरोपियों में से एक विकास गर्ग और उसके कर्मचारियों के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की बुधवार को तलाशी ली गई।
ईडी अधिकारियों ने दावा किया कि ‘इनवॉयस’ और माल ढुलाई बिल सहित फर्जी निर्यात दस्तावेज तैयार किये गए थे, ताकि माल को नेपाल और बांग्लादेश को निर्यात किये जाने के रूप में दिखाया जा सके, जबकि वास्तव में उन्हें घरेलू स्तर पर बेचा गया और इस तरह सीमा शुल्क की चोरी की गई।
भाषा सुभाष वैभव
वैभव
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
