केंद्रपाड़ा, छह नवंबर (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के गहिरमाथा समुद्री अभयारण्य के कछुआ संरक्षण क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 16 मछुआरों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। यहां एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों ने मछुआरों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि गश्ती दल ने प्रतिबंधित अभयारण्य क्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक नौका को भी जब्त कर लिया।
सहायक वन संरक्षक मानस दास ने बताया कि गिरफ्तार किए गए मछुआरे भद्रक और बालासोर जिले के हैं। उन्हें बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दास ने कहा कि मछली पकड़ने के काम आने वाली नौका ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, उड़ीसा समुद्री मत्स्यन विनियमन अधिनियम और समुद्री अभयारण्य नियमों का उल्लंघन किया था तथा अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में चला गया था।
भाषा यासिर अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
