scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशअर्थजगतफिजिक्सवाला का 3,480 करोड़ रुपये का आईपीओ 11 नंवबर को खुलेगा

फिजिक्सवाला का 3,480 करोड़ रुपये का आईपीओ 11 नंवबर को खुलेगा

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी ‘फिजिक्सवाला’ 11 नवंबर को अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी में है। कंपनी का इसके जरिये अपनी विस्तार योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए 3,480 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है।

बाजार नियामक सेबी के पास बुधवार को जमा विवरण पुस्तिका के मुताबिक, कंपनी के सार्वजनिक निर्गम 13 नवंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। एंकर निवेशकों को शेयर 10 नवंबर को आवंटित किए जाएंगे।

आईपीओ के तहत 3,100 करोड़ रुपये मूल्य के इक्विटी शेयरों का नया निर्गम और प्रर्वतकों की तरफ से 380 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।

कंपनी के दोनों प्रर्वतक- अलख पांडे और प्रतीक बूब इस दौरान ओएफएस के माध्यम से 190 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचेंगे। वर्तमान में, दोनों के पास कंपनी में 40.31 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

नोएडा स्थित फिजिक्सवाला ने मार्च में गोपनीय मार्ग के जरिये आईपीओ के लिए सेबी के पास दस्तावेज दाखिल किए थे और उसे जुलाई में बाजार नियामक की मंजूरी मिली थी।

कंपनी ने आईपीओ के लिए गोपनीय ‘प्री-फाइलिंग’ मार्ग चुना जिससे उसे बाद के चरणों तक आईपीओ विवरणों का सार्वजनिक खुलासा रोकने की अनुमति मिली।

फिजिक्सवाला ने कहा कि नए शेयरों के निर्गम से मिलने वाली राशि में से 460.5 करोड़ रुपये नए ‘ऑफलाइन’ और ‘हाइब्रिड’ शिक्षण केंद्रों की स्थापना पर खर्च किए जाएंगे। वहीं 548.3 करोड़ रुपये मौजूदा केंद्रों के पट्टा राशि के भुगतान के लिए उपयोग किए जाएंगे।

इसके अलावा, कंपनी अपनी अनुषंगी जाइलम लर्निंग में 47.2 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसमें नए केंद्रों के लिए 31.6 करोड़ रुपये और पट्टे की राशि के भुगतान और छात्रावासों के लिए 15.5 करोड़ रुपये शामिल हैं।

वेस्टब्रिज कैपिटल, हॉर्नबिल और जीएसवी वेंचर्स समर्थित फिजिक्सवाला का वित्त वर्ष 2024-25 में घाटा कम होकर 243 करोड़ रुपये रहा, जो उसके एक साल पहले 1,131 करोड़ रुपये था।

हालांकि, पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का राजस्व बढ़कर 2,887 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 1,941 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने अपने सार्वजनिक निर्गम के प्रबंधन के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, जेपी मॉर्गन इंडिया, गोल्डमैन शैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज और एक्सिस कैपिटल को नियुक्त किया है।

भाषा रमण प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments