scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशअर्थजगतअदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 28 प्रतिशत घटा

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 28 प्रतिशत घटा

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (भाषा) अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 28 प्रतिशत घटकर 557.10 करोड़ रुपये रह गया।

कंपनी ने सोमवार को बताया कि यह गिरावट मुख्य रूप से एक साल पहले की समान तिमाही में 314 करोड़ रुपये के स्थगित कर के एकमुश्त समायोजन के कारण हुई।

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने वित्त वर्ष 2024-25 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 773 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय 6.4 प्रतिशत बढ़कर 6,767 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 6,360 करोड़ रुपये थी।

वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का कुल व्यय मामूली घटकर 5,687 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,693 करोड़ रुपये था।

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कंदर्प पटेल ने कहा कि साल की पहली छमाही में कंपनी ने तीन नई ट्रांसमिशन लाइन को चालू किया और स्मार्ट मीटर लगाने में देश में सबसे तेज रफ्तार हासिल की। इस दौरान कंपनी ने कुल 74 लाख मीटर लगाए, जो किसी भी कंपनी द्वारा देश में अब तक सबसे अधिक है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें सभी प्रमुख खंडों में एईएसएल के पूंजीगत व्यय में उल्लेखनीय वृद्धि तथा शेष वर्ष के दौरान बोली गतिविधि में मजबूत गति की उम्मीद है।’’

वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही में कंपनी का पूंजीगत व्यय 1.36 गुना बढ़कर 5,976 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में यह 4,400 करोड़ रुपये था।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments