वाशिंगटन, 26 अक्टूबर (भाषा) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि उनका देश पाकिस्तान के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को बढ़ाने का इच्छुक तो है, लेकिन यह भारत के साथ उसके ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण संबंधों की कीमत पर नहीं होगा।
रुबियो ने सोमवार को कुआलालंपुर में विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ निर्धारित बैठक से पहले रूस के साथ भारत के ऊर्जा संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि नयी दिल्ली ने पहले ही कच्चे तेल की खरीद में विविधता लाने की इच्छा व्यक्त की है।
अमेरिकी विदेश मंत्री आसियान (दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ) शिखर सम्मेलन के लिए मलेशिया की अपनी यात्रा से पहले संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
रुबियो ने पाकिस्तान के साथ अमेरिका के संबंधों पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत ‘‘स्पष्ट कारणों से चिंतित है’’ और अमेरिका का पाकिस्तान के साथ संबंध नयी दिल्ली के साथ संबंधों की कीमत पर नहीं होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, मुझे लगता है कि उसे (भारत को) यह समझना होगा कि हमें कई अलग-अलग देशों के साथ संबंध रखने हैं। हम पाकिस्तान के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को बढ़ाने का अवसर देखते हैं।’’
रुबियो ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि कूटनीति और उस तरह की चीजों के मामले में भारतीय बहुत परिपक्व हैं। देखिए, उनके कुछ ऐसे देशों के साथ रिश्ते हैं जिनके साथ हमारे रिश्ते नहीं हैं। इसलिए, यह एक परिपक्व, व्यावहारिक विदेश नीति का हिस्सा है।’’
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि पाकिस्तान के साथ हम जो कुछ भी कर रहे हैं, वह भारत के साथ हमारे संबंधों या मित्रता की कीमत पर है। भारत के साथ रिश्ते गहरे, ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण हैं।’’
गत छह महीनों में अमेरिका-पाकिस्तान संबंधों में घनिष्ठता देखी गई है, खासकर मई में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ बैठक के बाद।
भारत ने ट्रंप के बार-बार के इस दावे को खारिज कर दिया कि उन्होंने दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम के लिए मध्यस्थता की। पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच संघर्ष को समाप्त कराने का श्रेय अमेरिकी राष्ट्रपति को दिया है।
रुबियो से संवाददाताओं ने सवाल किया कि क्या भारत, अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के लिए रूसी तेल की खरीद को वास्तव में टालने को तैयार होगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि भारत ने पहले ही अपनी तेल खरीद में विविधता लाने में रुचि व्यक्त की है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे अपनी खरीद में विविधता लाते हैं, तो जितना ज्यादा वे हमसे खरीदेंगे, उतना ही ज्यादा वे किसी और से खरीदेंगे। लेकिन मैं कोई पूर्वधारणा नहीं बनाऊंगा या — मैं व्यापार सौदों पर बातचीत नहीं कर रहा हूं। इसलिए मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगा।’’
भाषा धीरज देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
