इस्लामाबाद, 25 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान का कुल सार्वजनिक ऋण जून 2025 तक 286.832 अरब डॉलर (80.6 हजार करोड़ पाकिस्तानी रुपये) तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 13 प्रतिशत अधिक है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
आंकड़ों के अनुसार, ”जून 2025 तक पाकिस्तान का कुल सार्वजनिक ऋण 80.6 हजार करोड़ पाकिस्तानी रुपये तक पहुंच गया है, जिसमें से घरेलू ऋण 54.5 हजार करोड़ पाकिस्तानी रुपये और बाहरी ऋण 26.0 हजार करोड़ पाकिस्तानी रुपये है। यह वृद्धि वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में लगभग 13 प्रतिशत अधिक है।”
वित्त मंत्रालय ने पिछले महीने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए वार्षिक ऋण समीक्षा रिपोर्ट जारी की, जिसमें जून 2025 के अंत तक सार्वजनिक ऋण का विस्तृत विवरण दिया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया कि यह वृद्धि मुख्य रूप से वित्त वर्ष 2024-25 में अपेक्षा से कम जीडीपी वृद्धि के कारण हुई। मुद्रास्फीति में उल्लेखनीय गिरावट से आर्थिक वृद्धि की गति धीमी हो गई, जिसके कारण राजकोषीय संतुलन के प्रयासों के बावजूद ऋण-जीडीपी अनुपात बढ़ गया।
रिपोर्ट के अनुसार घरेलू ऋण में सालाना आधार पर 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई जो 54.5 हजार करोड़ पाकिस्तानी रुपये तक पहुंच गया।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
