नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) बी2बी ई-कॉमर्स समाधान प्रदाता एमजंक्शन सर्विसेज ने प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज के लिए एक मंच बनाने में रुचि दिखाई है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने बताया कि वह इस संबंध में सरकार के संपर्क में है।
एमजंक्शन सर्विसेज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनय वर्मा ने कहा, ‘‘कोयला एक्सचेंज पर पिछले पांच साल से बातचीत हो रही है। हम इसे स्थापित करने के इच्छुक हैं। दरअसल, पांच साल पहले, जब यह अवधारणा सामने आई थी, हमने कहा था कि हमें इस मंच के निर्माण में बहुत रुचि होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने अभी तक रुचि पत्र प्रकाशित नहीं किया है… हम कोयला स्पॉट एक्सचेंज स्थापित करने में रुचि रखते हैं और सरकार को लिखित रूप में इसकी जानकारी दे दी गई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछली बार बातचीत इस वर्ष अप्रैल में हुई थी, जब सरकार ने प्रस्तावित कोयला व्यापार विनिमय पर सुझाव आमंत्रित किए थे।’’
प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज से कोयले का एक वस्तु के रूप में व्यापार करना आसान हो जाएगा।
उन्होंने बताया, ‘‘हमारे मंच पर 20,000 से ज्यादा खरीदार हैं।’’
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
