scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशअर्थजगतवैश्विक रुझान, विदेशी निवेशकों के रुख, तिमाही नतीजों से तय होगी इस सप्ताह बाजार की चाल: विश्लेषक

वैश्विक रुझान, विदेशी निवेशकों के रुख, तिमाही नतीजों से तय होगी इस सप्ताह बाजार की चाल: विश्लेषक

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में निवेशक छुट्टियों वाले इस सप्ताह के दौरान वैश्विक रुझानों, विदेशी निवेशकों के रुख और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर नजर रखेंगे। विश्लेषकों ने यह अनुमान जताया है।

शेयर बाजार बीएसई और एनएसई मंगलवार, 21 अक्टूबर को एक विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र का आयोजन करेंगे। यह प्रतीकात्मक कारोबार सत्र दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे तक चलेगा। इस दिन सामान्य कारोबार नहीं होगा। इसके बाद दिवाली बलिप्रतिपदा के अवसर पर बुधवार को शेयर बाजार बंद रहेंगे।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘छोटा कारोबारी सप्ताह घटनाओं से भरा रहेगा और निवेशकों के लिए कई प्रमुख कारक सामने आएंगे। बाजार सहभागी सबसे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों पर प्रतिक्रिया देंगे, जो व्यापक बाजार की दिशा तय करेंगे।’’

मिश्रा ने कहा कि 21 अक्टूबर को संवत 2082 की शुरुआत के प्रतीक के रूप में एक घंटे का दिवाली विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र भावनात्मक संकेतों और त्योहारी उत्साह के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के नतीजे अपने पूरे जोरों पर होंगे, जिसमें कोलगेट, हिंदुस्तान यूनिलीवर, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस जैसी प्रमुख कंपनियां अपने नतीजे पेश करेंगी।’’

मिश्रा ने कहा कि चीन पर प्रस्तावित अमेरिकी शुल्क से जुड़े घटनाक्रम, साथ ही कच्चे तेल की कीमतों और मुद्रा में उतार-चढ़ाव पर भी निवेशकों की नजर होगी।

पिछले तीन महीनों से शुद्ध आधार पर बिकवाली करने के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) अक्टूबर में अब तक 6,480 करोड़ रुपये के निवेश के साथ लिवाल बन गए हैं। ऐसा मजबूत व्यापक आर्थिक कारकों के चलते है।

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौड़ ने कहा, ‘‘हिंदुस्तान यूनिलीवर और डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज के आगामी नतीजों से कॉरपोरेट आय सत्र की दिशा तय होने की उम्मीद है। अमेरिका-चीन व्यापार तनाव में कोई भी राहत बाजार की धारणा को सकारात्मक रूप दे सकती है।’’

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,451.37 अंक या 1.75 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी 424.5 अंक या 1.67 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments