scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमविदेशलिसेस्टर में सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग ब्रिटिश सिख व्यक्ति की मौत, पुलिस जांच में जुटी

लिसेस्टर में सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग ब्रिटिश सिख व्यक्ति की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, 17 अक्टूबर (भाषा) ब्रिटेन में पूर्वी इंग्लैंड के लिसेस्टर शहर में एक सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग ब्रिटिश सिख व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस इस घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

जोगिंदर सिंह (87) लिसेस्टर शहर के होली बोन्स इलाके में स्थित गुरु नानक गुरुद्वारे के बाहर थे, जब उन्हें स्थानीय परिषद के सड़क-सफाई वाहन ने टक्कर मार दी। सिंह इस गुरुद्वारे के संस्थापकों और उपाध्यक्षों में से एक थे और रोजाना वहां जाया करते थे।

पुलिस को सोमवार दोपहर को घटना की जानकारी दी गई। ईस्ट मिडलैंड्स एंबुलेंस सर्विस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन कुछ घंटों बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

लिसेस्टरशायर पुलिस के डिटेक्टिव सार्जेंट माइक स्टीयर ने कहा, ‘‘इस दुखद घटना के बाद हम यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि यह टक्कर वास्तव में कैसे हुई। दुर्घटना में शामिल वाहन लिसेस्टर शहर परिषद का था। हम परिषद के अधिकारियों के संपर्क में हैं और वे जांच में हमारी मदद कर रहे हैं।’’

पुलिस ने 63 वर्षीय व्यक्ति को लापरवाही से गाड़ी चलाने के संदेह में गिरफ्तार किया था जिसे बाद में जांच पूरी होने तक रिहा कर दिया गया।

इस बीच, सिंह के परिवार और स्थानीय गुरुद्वारे ने पुलिस के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें एक बयान जारी किया।

बयान में कहा गया है, ‘‘वह एक अत्यंत विनम्र, समर्पित पति, पिता, दादा और परदादा थे, जिन्होंने लिसेस्टर के सिख समुदाय में अद्भुत योगदान दिया। हम इस क्षति से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं।’’

भाषा गोला नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments