पेशावर, 17 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अपने शिविर पर एक आत्मघाती हमले को नाकाम कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान आत्मघाती हमलावर सहित चार आतंकवादियों को मार गिराया गया।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, आतंकवादियों ने उत्तरी वजीरिस्तान जिले के मीर अली इलाके में सुरक्षा बलों के शिविर को निशाना बनाने का प्रयास किया, जब एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदे वाहन को चारदीवारी से टकरा दिया, जिससे एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ।
उन्होंने बताया कि शिविर पर हमला करने की कोशिश कर रहे तीन अन्य आतंकवादियों को सुरक्षाकर्मियों ने घुसने से पहले ही मार गिराया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई भी सैनिक हताहत नहीं हुआ।
अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस अभियान में आत्मघाती हमलावर समेत सभी चार आतंकवादी मारे गए।
सुरक्षा अधिकारियों ने यह भी बताया कि पिछले दो दिन में पूरे क्षेत्र में संचालित किए गए अभियानों में 88 आतंकवादी मारे गए हैं, जिन्हें कथित तौर पर अफगान तालिबान का समर्थन प्राप्त था।
पाकिस्तानी सेना ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि सोमवार और बुधवार के बीच खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में गोपनीय जानकारी पर आधारित कई अभियानों में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के 34 आतंकवादी मारे गए।
उन्होंने बताया कि ये अभियान उत्तरी वजीरिस्तान, दक्षिणी वजीरिस्तान और बन्नू जिलों में संचालित किए गए।
प्रतिबंधित टीटीपी द्वारा नवंबर 2022 में सरकार के साथ संघर्ष विराम समाप्त करने के बाद पाकिस्तान में, विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है।
भाषा सुमित वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
