नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) मिडवेस्ट लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बृहस्पतिवार को बोली के दूसरे दिन 11.72 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, तीन दिन के आईपीओ को 31,17,460 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 3,65,44,382 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुए।
गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए कोटा 33.19 गुना अभिदान प्राप्त हुआ, जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) की श्रेणी को 8.19 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को 1.84 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।
क्वार्ट्ज प्रोसेसर मिडवेस्ट लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि उसने एंकर निवेशकों से 135 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
1,014-1,065 रुपये प्रति शेयर के मूल्य दायरे वाला यह सार्वजनिक निर्गम शुक्रवार को बंद होगा।
यह आईपीओ 250 करोड़ रुपये के नए शेयरों के निर्गम और 201 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है।
इस नए निर्गम में से 130.3 करोड़ रुपये अनुषंगी कंपनी मिडवेस्ट नियोस्टोन के तहत अपनी क्वार्ट्ज सुविधा के दूसरे चरण के विस्तार, 25.7 करोड़ रुपये इलेक्ट्रिक डंप ट्रक के लिए और 3.2 करोड़ रुपये चुनिंदा खदानों में सौर ऊर्जा एकीकरण के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, 56.2 करोड़ रुपये उधारी चुकाने के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे, शेष राशि सामान्य कंपनी कामकाज पर खर्च की जाएगी।
प्राकृतिक पत्थर उद्योग में चार दशक से अधिक समय से कार्यरत, कंपनी ने अपने पहले चरण के संयंत्र के माध्यम से ग्रेनाइट से आगे बढ़कर क्वार्ट्ज प्रसंस्करण में भी विस्तार किया है, जो इंजीनियर्ड स्टोन और सोलर ग्लास खंड की ज़रूरतों को पूरा करता है। यह भारी खनिज रेत अन्वेषण के साथ-साथ दुर्लभ मृदा तत्वों के प्रसंस्करण में भी विविधता ला रहा है।
तेलंगाना स्थित मिडवेस्ट, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 16 ग्रेनाइट खदानों का संचालन करती है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
