scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतश्याम मेटलिक्स की 2031 तक 10,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की योजना

श्याम मेटलिक्स की 2031 तक 10,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की योजना

Text Size:

कोलकाता, 16 अक्टूबर (भाषा) धातु एवं इस्पात क्षेत्र की कंपनी श्याम मेटलिक्स एंड एनर्जी लिमिटेड (एसएमईएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने वर्ष 2031 तक 10,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की योजना बनाई है ताकि राजस्व को 2.5 गुना बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाया जा सके।

कंपनी ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मध्य प्रदेश में विस्तार के लिए दूसरी कंपनियों के अधिग्रहण के जरिये कुल उत्पादन क्षमता 1.5 करोड़ टन से बढ़ाकर 2.7 करोड़ टन करने की योजना भी बना रही है।

कंपनी ने बयान में कहा कि विशिष्ट स्टील एवं स्टेनलेस स्टील, फ्लैट उत्पाद और एल्युमिनियम खंडों में विस्तार से वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा, जिसमें रक्षा, रेलवे, इंजीनियरिंग और रियल एस्टेट क्षेत्रों में अंतिम उपयोग और उच्च मूल्य वाले अनुप्रयोगों पर विशेष ध्यान रहेगा।

एसएमईएल ने कहा कि 10,000 करोड़ रुपये का निवेश मुख्य रूप से आंतरिक स्रोतों से किया जाएगा। इसका इस्तेमाल प्रौद्योगिकी उन्नयन, प्रक्रिया नवाचार, ऊर्जा दक्षता और अंतिम उपयोग वाले उत्पादों के एकीकरण में किया जाएगा।

कोलकाता स्थित कंपनी को उम्मीद है कि इस विस्तार के बाद उसका कर-पूर्व आय मार्जिन दो से तीन प्रतिशत तक बढ़ जाएगा।

इस दौरान कंपनी अपने निर्यात राजस्व को भी 1.5 करोड़ डॉलर से बढ़ाकर तीन करोड़ डॉलर करने का लक्ष्य रख रही है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments