scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतबीएलएस इंटरनेशनल को चीन में भारतीय वीजा आवेदन केंद्र स्थापित करने का विदेश मंत्रालय से मिला ठेका

बीएलएस इंटरनेशनल को चीन में भारतीय वीजा आवेदन केंद्र स्थापित करने का विदेश मंत्रालय से मिला ठेका

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेज लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसे विदेश मंत्रालय (एमईए) से चीन में भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (आईवीएसी) स्थापित करने एवं संचालित करने का ठेका मिला है।

यह ठेका 14 अक्टूबर, 2025 से तीन वर्ष की अवधि के लिए वैध होगा।

समझौते की शर्तों के तहत, बीएलएस इंटरनेशनल बीजिंग, शंघाई और ग्वांगझाउ में आईवीएसी की स्थापना और प्रबंधन तथा वीजा सेवाएं प्रदान करने के लिए जिम्मेदार होगी।

आईवीएसी उन्नत प्रौद्योगिकी से लैस होगा और वहां बहुभाषी कर्मचारी होंगे ताकि आवेदकों के लिए निर्बाध अनुभव सुनिश्चित किया जा सके।

बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेज लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक शिखर अग्रवाल ने कहा, ‘‘ …यह बीएलएस इंटरनेशनल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ये आईवीएसी विश्वसनीय एवं उपयोगकर्ता-केंद्रित वीजा सेवाओं को सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।’’

भारत ने चीन के नागरिकों को पर्यटक वीजा जारी करने की बहाली की घोषणा जुलाई में की थी। यह कदम गलवान घाटी में सैन्य झड़पों के बाद गंभीर तनाव में आए द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के प्रयासों के तहत उठाया गया है।

भारत ने 2020 में चीन के नागरिकों को पर्यटक वीजा जारी करना निलंबित कर दिया था, जिसका मुख्य कारण कोविड-19 वैश्विक महामारी थी लेकिन पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद के मद्देनजर प्रतिबंध जारी रहे।

भाषा निहारिका अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments