नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) दवा कंपनी रूबिकॉन रिसर्च लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन 103.90 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 1,377.5 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 1,64,55,670 शेयरों के मुकाबले 1,70,96,76,420 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से के लिए 130.26 गुना अभिदान प्राप्त हुआ। गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 97.61 गुना और खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के कोटा को 35.47 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।
रूबिकॉन रिसर्च ने बुधवार को एंकर निवेशकों से 619 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
कंपनी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में 500 करोड़ रुपये मूल्य के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें प्रवर्तक जनरल अटलांटिक सिंगापुर आरआर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 877.5 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल है।
आईपीओ के बाद, जनरल अटलांटिक की शेयरधारिता घटकर 35 प्रतिशत से अधिक रह जाने की उम्मीद है।
इस निर्गम का मूल्य दायरा 461-485 रुपये प्रति शेयर है।
इस नए निर्गम से प्राप्त 310 करोड़ रुपये का उपयोग ऋण चुकाने के लिए किया जाएगा, और एक हिस्सा अधिग्रहण, रणनीतिक पहल और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च किया जाएगा।
रुबिकॉन रिसर्च एक फार्मास्युटिकल फॉर्मूलेशन कंपनी है जिसका मुख्य ध्यान अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) और नवाचार पर है। इसके पोर्टफोलियो में विनियमित बाजारों, विशेष रूप से अमेरिका को लक्षित करने वाले विशेष उत्पादों और दवा-उपकरण संयोजन उत्पादों की बढ़ती संख्या शामिल है।
कंपनी अपने विनिर्माण क्षेत्र का भी विस्तार कर रही है। जून में, इसने 149 करोड़ रुपये के पूर्ण नकद सौदे में मध्य प्रदेश के पीथमपुर में एल्केम लैबोरेटरीज की फॉर्मूलेशन सुविधा का अधिग्रहण किया।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
