नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी टाटा कैपिटल लिमिटेड के शेयरों ने सोमवार को बाजार में धीमी शुरुआत की और 326 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए।
कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई दोनों पर निर्गम मूल्य से 1.22 प्रतिशत ऊपर, 330 रुपये सूचीबद्ध हुआ।
दिन के कारोबार के दौरान बीएसई पर इसने 332.80 रुपये के उच्चतम और 326.15 रुपये के निचले स्तर को छुआ। अंत में शेयर 1.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 330.40 रुपये पर बंद हुआ।
एनएसई में, शेयर दिन के कारोबार में 2.14 प्रतिशत चढ़कर 333 रुपये पर पहुंच गया। बाद में यह 1.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 330.50 रुपये पर बंद हुआ।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,40,250.47 करोड़ रुपये रहा।
मात्रा के लिहाज से, बीएसई में कंपनी के 99.83 लाख शेयर और एनएसई पर 1,176.12 लाख शेयरों का कारोबार हुआ।
टाटा कैपिटल लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) पिछले बुधवार को बोली के अंतिम दिन पूर्ण अभिदान मिला था। कंपनी के 15,512 करोड़ रुपये की शेयर बिक्री को 1.95 गुना अभिदान प्राप्त हुआ था।
टाटा कैपिटल का आईपीओ इस साल का सबसे बड़ा निर्गम है। इस निर्गम का मूल्य दायरा 310-326 रुपये प्रति शेयर था।
आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में कुल 47.58 करोड़ शेयर थे, जिसमें 21 करोड़ इक्विटी शेयरों का नया निर्गम और 26.58 करोड़ शेयरों का बिक्री प्रस्ताव (ओएफएस) शामिल है।
आईपीओ से प्राप्त राशि का उपयोग कंपनी के टियर-1 पूंजी आधार को मजबूत करने और आगे की उधारी सहित भविष्य की पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
नवंबर, 2023 में टाटा टेक्नोलॉजीज के पदार्पण के बाद, यह हाल के वर्षों में टाटा समूह की दूसरी सार्वजनिक सूचीबद्धता थी।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
