scorecardresearch
Saturday, 8 November, 2025
होमदेशप्रसार भारती के वेव्स ओटीटी पर एआई से पुनर्कल्पित महाभारत का प्रसारण

प्रसार भारती के वेव्स ओटीटी पर एआई से पुनर्कल्पित महाभारत का प्रसारण

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) भारत का कालातीत महाकाव्य महाभारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) द्वारा पुनर्कल्पित संस्करण में प्रसार भारती के आधिकारिक ओटीटी मंच वेव्स और दूरदर्शन पर वापसी के लिए तैयार है।

कलेक्टिव मीडिया नेटवर्क द्वारा निर्मित एआई-पुनर्कल्पित ‘महाभारत’ का डिजिटल प्रीमियर 25 अक्टूबर को होगा, जिसके बाद दो नवंबर से दूरदर्शन पर इसका प्रसारण किया जाएगा।

प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौरव द्विवेदी ने एक बयान में कहा, ‘‘इस एआई-आधारित पुनर्कल्पना में भागीदारी से दर्शकों को भारत के सबसे महान महाकाव्यों में से एक का नये सिरे से अनुभव करने का अवसर मिलेगा, जिसमें परंपरा का सम्मान करते हुए कहानी कहने में अत्याधुनिक तकनीक को अपनाया गया है। यह आधुनिक प्रसारण में विकास और विरासत के एकसाथ आने की अभिव्यक्ति है।’’

वेव्स ओटीटी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सभी युद्धों का युद्ध/वेद व्यास द्वारा लिखित सर्वकालिक महानतम कहानी, जिसे एआई द्वारा पुनर्कल्पित किया गया है। यह केवल महाभारत नहीं है। यह महा एआई है।’’

उन्नत एआई उपकरणों का उपयोग करते हुए, यह शृंखला वृहद महाभारत, उसके पात्रों, युद्धक्षेत्रों, भावनाओं और नैतिक दुविधाओं को सिनेमाई पैमाने और अद्भुत यथार्थवाद के साथ पुनर्निर्मित करती है।

कलेक्टिव आर्टिस्ट्स नेटवर्क के संस्थापक एवं समूह सीईओ विजय सुब्रमण्यम ने कहा, ‘‘लाखों भारतीयों की तरह, मैं भी हर रविवार को टेलीविजन पर महाभारत देखकर बड़ा हुआ हूं। यह एक ऐसा अनुभव था जिसने मेरी कल्पना और हमारी संस्कृति से मेरे जुड़ाव को आकार दिया। महाभारत के साथ, हमारी आशा आज की पीढ़ी को एक ऐसी कसौटी देने की है जो हमारे जितना ही गहन और एकीकृत महसूस कराता हो, लेकिन आज की तकनीक की संभावनाओं के माध्यम से बताया गया हो।’’

प्रसार भारती द्वारा ओवर-द-टॉप (ओटीटी) प्लेटफॉर्म वेव्स की शुरुआत 20 नवंबर, 2024 को की गई थी।

भाषा अमित वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments