लाहौर, 10 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के लाहौर शहर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन का प्रयास कर रहे एक कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी के समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प में दो लोग मारे गए और दर्जनों लोग घायल हो गए, जिनमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
पुलिस और तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प के बाद शहर लगभग ठहर गया। लाहौर के उन इलाकों में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क निलंबित रहा जहां टीएलपी समर्थक एकत्र हुए थे।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर पत्थर फेंके, उन्हें लाठियों से हमला किया और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘शुक्रवार की नमाज के बाद मुल्तान रोड टीएलपी समर्थकों और पुलिस के बीच रणक्षेत्र बन गया। झड़प में कई पुलिसकर्मी और टीएलपी कार्यकर्ता घायल हो गए।’
उन्होंने कहा कि टीएलपी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प में कम से कम 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
गैर सरकारी संगठन ईधी प्रवक्ता द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि ईधी स्वयंसेवकों ने घायल पुलिसकर्मियों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया।
कम से कम 12,000 टीएलपी कार्यकर्ता लाहौर में आजादी चौक तक पहुंचने में कामयाब रहे।
पुलिस ने बताया कि लाहौर और पंजाब प्रांत के अन्य हिस्सों में अब तक 200 से अधिक टीएलपी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने लाहौर में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास की ओर जाने वाली सभी सड़कों को बंद कर दिया। टीएलपी के विरोध प्रदर्शन के कारण लाहौर की सभी प्रमुख सड़कों पर भारी यातायात जाम लग गया।
टीएलपी के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि कानून प्रवर्तकों के साथ झड़प में दो टीएलपी कार्यकर्ता मारे गए तथा 100 से अधिक अन्य घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
