scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमविदेशयूक्रेन के रेलवे स्टेशन पर रूसी ड्रोन हमले में कम से कम एक की मौत, दर्जनों अन्य घायल

यूक्रेन के रेलवे स्टेशन पर रूसी ड्रोन हमले में कम से कम एक की मौत, दर्जनों अन्य घायल

Text Size:

कीव, चार अक्टूबर (भाषा) यूक्रेन शनिवार को एक रेलवे स्टेशन पर हुए रूसी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा दर्जनों अन्य घायल हो गए।

रूस ने यूक्रेन के रेलवे एवं विद्युत ग्रिड पर हमले तेज कर दिये हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि कीव के उत्तर पूर्व में शोस्तका में रेलवे स्टेशन पर आज रूसी ड्रोन हमले कम से कम 30 लोग घायल हो गये। शोस्तका कीव के उत्तर-पूर्व में स्थित एक शहर है, जो रूसी सीमा से लगभग 70 किलोमीटर दूर है।

घंटों बाद स्थानीय अभियोजकों ने बताया कि 71 वर्षीय एक व्यक्ति क्षतिग्रस्त बोगियों में से एक में मृत पाया गया।

यूक्रेन के उपप्रधानमंत्री और पुनर्निर्माण मंत्री ओलेक्सी कुलेबा ने बताया कि रूस ने एक के बाद एक दो यात्री ट्रेनों पर हमला किया, पहले एक स्थानीय सेवा को निशाना बनाया और फिर कीव जाने वाली एक ट्रेन को निशाना बनाया।

उन्होंने कहा कि दूसरा ड्रोन तब दागा गया, जब लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा था।

यूक्रेन के राष्ट्रीय रेल संचालक, उक्रज़ालिज़्नित्सिया के प्रमुख, ओलेक्सांद्र पर्त्सोव्स्की ने इस हमले को ‘हमारे अग्रिम पंक्ति के समुदायों के साथ संचार को रोकने के उद्देश्य से किया गया एक घिनौना हमला’ बताया।

विदेश मंत्रालय के एक टेलीग्राम पोस्ट के अनुसार, यूक्रेन के शीर्ष राजनयिक, एंड्री सिबिहा ने कहा, ‘‘यह रूस की सबसे क्रूर रणनीतियों में से एक है – तथाकथित ‘डबल टैप’, जिसमें दूसरा हमला बचावकर्मियों और वहां से निकाले जा रहे लोगों पर किया गया।’’

जेलेंस्की और स्थानीय गवर्नर ओलेह ह्रीहोरोव, दोनों ने घटनास्थल की तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें एक यात्री डिब्बे में आग लगी हुई दिखाई दे रही है।

ह्रीहोरोव के अनुसार, ड्रोन हमलों से शोस्तका और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।

रूस ने हाल में यूक्रेन के रेलवे नेटवर्क पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं, जो सैन्य परिवहन के लिए जरूरी है। पिछले दो महीनों में लगभग हर दिन रेलवे नेटवर्क पर रूसी हमले हो रहे हैं।

फरवरी 2022 में पूर्ण आक्रमण शुरू होने के बाद से पिछले वर्षों की तरह, क्रेमलिन ने यूक्रेन के बिजली ग्रिड पर भी हमले तेज कर दिए हैं।

शुक्रवार को रात भर रूसी ड्रोन और मिसाइलों ने यूक्रेन के विद्युत ग्रिड को निशाना बनाया। यूक्रेन की एक ऊर्जा कंपनी ने यह जानकारी दी।

एक दिन पहले अधिकारियों ने बताया था कि रूस ने यूक्रेन के प्राकृतिक गैस प्रतिष्ठानों पर शुक्रवार को हमले किए, जो मॉस्को द्वारा शुरू किए गए पूर्ण आक्रमण के बाद से सबसे बड़ा हमला है।

क्षेत्रीय संचालक चेर्निहिवोब्लेनेर्गो के अनुसार, विद्युत ग्रिड पर हमलों के कारण रूसी सीमा के निकट उत्तरी शहर चेर्निहिव के निकट ऊर्जा सुविधाएं क्षतिग्रस्त हो गईं तथा बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लगभग 50,000 घरों के प्रभावित होने की आशंका है।

यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि यह हमला यूक्रेन के सरकारी स्वामित्व वाले नैफ्टोगैज समूह द्वारा संचालित प्राकृतिक गैस संयंत्रों पर किया गया अब तक का सबसे बड़ा हमला था।

नैफ्टोगैज़ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेरही कोरेत्स्की ने शुक्रवार को कहा कि इन हमलों का कोई सैन्य उद्देश्य नहीं था, जबकि यूक्रेनी प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीडेंको ने मास्को पर ‘नागरिकों को आतंकित करने’ का आरोप लगाया।

मास्को ने दावा किया कि हमलों में कीव के युद्ध प्रयासों में सहायक सुविधाओं को निशाना बनाया गया।

यूक्रेनी सेना ने बताया कि रूसी सेना ने रात भर में 109 और ड्रोन और तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। उसने बताया कि 73 ड्रोन को या तो मार गिराया गया या उनका रास्ता भटका दिया गया।

एपी राजकुमार दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments