(विनय शुक्ला)
मॉस्को, तीन अक्टूबर (भाषा) अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी देश में सुलह समझौता प्रक्रिया और क्षेत्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर आधारित बैठक में हिस्सा लेने के लिए अगले हफ्ते मॉस्को की यात्रा करेंगे। रूस के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने बृहस्पतिवार को अपनी दैनिक प्रेस वार्ता में बताया कि बैठक से इतर मुत्ताकी अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे।
ज़खारोवा ने कहा, “अफगानिस्तान पर मॉस्को प्रारूप परामर्श की सातवीं बैठक सात अक्टूबर को मॉस्को में आयोजित की जाएगी, जिसमें अफगानिस्तान, भारत, ईरान, कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के विशेष प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।”
उन्होंने बताया कि बैठक में बेलारूस के एक प्रतिनिधिमंडल को भी अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
ज़खारोवा ने कहा कि अफगानिस्तान का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री मुत्ताकी करेंगे, जो इस बैठक से इतर अपने रूसी समकक्ष लावरोव के साथ एक अलग वार्ता करेंगे।
उन्होंने बताया कि अफगानिस्तान पर मॉस्को प्रारूप परामर्श की सातवीं बैठक का उद्घाटन लावरोव करेंगे।
बंद कमरे में होने वाली इस बैठक में अफगानिस्तान में राष्ट्रीय सुलह समझौते को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय देशों और काबुल के बीच राजनीतिक, आर्थिक, आतंकवाद-रोधी एवं मादक पदार्थ-रोधी क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग में वृद्धि के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
ज़खारोवा ने कहा कि बैठक के बाद एक संयुक्त बयान भी जारी किए जाने की संभावना है।
खबरों के मुताबिक, मुत्ताकी को हाल ही में संयुक्त राष्ट्र के यात्रा प्रतिबंध से छूट दी गई है और वह अगले हफ्ते भारत की यात्रा भी कर सकते हैं।
भाषा पारुल नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
