नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर (भाषा) वीवर्क इंडिया मैनेजमेंट लि. के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शुक्रवार को शेयर बिक्री के पहले दिन चार प्रतिशत बोलियां मिलीं।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ के तहत 2,54,89,748 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 11,10,440 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के मामले में 14 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ, जबकि पात्र संस्थागत खरीदारों और गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणियों को 2-2 प्रतिशत अभिदान मिला।
वीवर्क इंडिया ने एंकर निवेशकों से 1,348 करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक राशि एकत्र की है।
कंपनी का 3,000 करोड़ रुपये का निर्गम सात अक्टूबर को समाप्त होगा। इसका मूल्य दायरा 615-648 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। उच्च मूल्य सीमा के आधार पर कंपनी का मूल्यांकन लगभग 8,685 करोड़ रुपये बैठता है।
यह आईपीओ पूरी तरह से 4.63 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश है। प्रवर्तक समूह की इकाई एम्बेसी बिल्डकॉन एलएलपी और निवेशक वन एरियल वे टेनेंट लिमिटेड (वीवर्क ग्लोबल का हिस्सा) अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
वर्तमान में, एम्बेसी समूह के पास वीवर्क इंडिया में लगभग 76.21 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि वीवर्क ग्लोबल के पास 23.45 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
चूँकि यह इश्यू एक बिक्री पेशकश (ओएफएस) है, इसलिए वीवर्क इंडिया को इससे कोई राशि नहीं मिलेगी और यह धनराशि पूरी तरह से शेयरधारकों को जाएगी।
फिलहाल, वीवर्क इंडिया बेंगलुरु, मुंबई, पुणे, हैदराबाद, गुरुग्राम, नोएडा, दिल्ली और चेन्नई सहित टियर-वन शहरों में कार्यरत है और 77 लाख वर्ग फुट जगह का प्रबंधन करती है, जिसमें से 70 लाख वर्ग फुट जगह चालू है, और इसकी डेस्क क्षमता 1.03 लाख है। कंपनी में 500 से ज्यादा लोग कार्यरत हैं। भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
