(अदिति खन्ना)
लंदन, तीन अक्टूबर (भाषा)ब्रिटिश राजगद्दी के उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम ने अंतरराष्ट्रीय यात्रा वृत्तचित्र के लिए दिए गए दुर्लभ साक्षात्कार में अपने पिता, महाराजा चार्ल्स तृतीय के बाद ब्रिटिश सम्राट बनने की अपनी योजनाओं का पहला संकेत दिया।
‘प्रिंस ऑफ वेल्स’ और ब्रिटिश राज सिंहासन के उत्तराधिकारी 43 वर्षीय विलियम ने विंडसर कैसल में ‘द रिलक्टेंट ट्रैवलर’ के फिल्मांकन के दौरान कनाडाई अभिनेता यूजीन लेवी से कहा कि परिवर्तन उनके एजेंडे में है।
इस सप्ताह प्रसारित होने वाले शो के प्रचार के लिए जारी क्लिप में लेवी ने विलियम से पूछा है कि जब वह गद्दी संभालेंगे तो क्या राजतंत्र ‘‘थोड़ी अलग दिशा में स्थानांतरित होगा’’।
विलियम ने जवाब दिया, ‘‘मुझे लगता है कि यह कहना सही होगा कि परिवर्तन मेरे एजेंडे में है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अच्छे के लिए बदलाव को स्वीकार करता हूं और इसका आनंद लेता हूं। मुझे इससे डर नहीं लगता, कुछ बदलाव लाने का विचार मुझे उत्साहित करता है। बहुत ज्यादा क्रांतिकारी बदलाव नहीं, बल्कि ऐसे बदलाव जो मुझे लगता है कि जरूरी हैं।’’
ब्रिटिश राजगद्दी की वंशानुगत प्रकृति है और एक दिन उनके सबसे बड़े बेटे प्रिंस जॉर्ज राजा बनेंगे। इस संदर्भ में विलियम मे कहा, ‘‘मैं एक ऐसी दुनिया बनाना चाहता हूं जिसमें मेरे बेटे को हमारे काम पर गर्व हो, एक ऐसी दुनिया और ऐसा काम जो वास्तव में लोगों के जीवन को बेहतर बनाए।’’
एक अन्य क्लिप में शाही परिवार ने पारिवारिक समस्याओं से ग्रस्त होने के बारे में बताया, तथा पिछले वर्ष अपनी पत्नी केट और पिता चार्ल्स को कैंसर होने का पता चलने को ‘सबसे कठिन वर्ष’ बताया।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
