scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमविदेशब्रिटेन की गृहमंत्री शबाना महमूद ने आतंकवादी हमले के बाद विरोध प्रदर्शनों की निंदा की

ब्रिटेन की गृहमंत्री शबाना महमूद ने आतंकवादी हमले के बाद विरोध प्रदर्शनों की निंदा की

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, तीन अक्टूबर (भाषा)ब्रिटेन की गृहमंत्री शबाना महमूद ने शुक्रवार को इजराइल-हमास संघर्ष का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच हुई हिंसक झड़पों की निंदा करते हुए इसे ब्रिटिश लोगों के आचरण से विपरीत बताया। यह घटना यहूदियों के पवित्र दिन योम किप्पुर पर मैनचेस्टर के एक सिनागॉग में हुए आतंकवादी हमले के तुरंत बाद हुई।

उत्तरी इंग्लैंड में बृहस्पतिवार को हुए आतंकवादी हमले में दो लोगों की मौत हो गई। ऐसा माना जा रहा है कि इनमें से एक की मौत पुलिस की गोली से हुई, क्योंकि हमलावर की पुलिस की गोली से मौत हुई। उसकी पहचान 35 वर्षीय जिहाद अल-शमी के रूप में हुई है, जो सीरियाई मूल का ब्रिटिश नागरिक था।

इसके तुरंत बाद, लंदन में डाउनिंग स्ट्रीट के निकट एक नियोजित फलस्तीन समर्थक विरोध प्रदर्शन में 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया, तथा मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने सप्ताहांत में मार्च की योजना बना रहे प्रदर्शनकारियों से ‘‘अपनी योजनाओं को विलंबित या रद्द करने’’ का आह्वान किया।

शबाना ने मैनचेस्टर स्थित हीटन पार्क हिब्रू कांग्रेगेशन सिनागॉग के दौरे के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं कल रात को इन विरोध प्रदर्शनों को देखकर बहुत निराश हुईं।’’ इसी सिनागॉग पर आतंकी हमला हुआ था।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह व्यवहार मूलतः ब्रिटिशों के (आचरण के ) अनुरूप नहीं है। मुझे लगता है कि यह अपमानजनक है। मैं चाहती थी कि वे लोग एक कदम पीछे हट जाएं। जिन मुद्दों के कारण ये विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं, वे काफी समय से चल रहे हैं। ऐसा नहीं लगता कि ये जल्द ही खत्म होने वाले हैं। वे पीड़ित समुदाय को जो कुछ हुआ है उसे समझने के लिए बस एक-दो दिन का समय दे सकते थे।’’

शबाना ने कहा, ‘‘जो कोई भी विरोध प्रदर्शन करने के बारे में सोच रहा है, मैं यही कहूंगी कि कल्पना कीजिए कि आपके परिवार के किसी सदस्य की आपके धर्म के सबसे पवित्र दिन पर हत्या कर दी गई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम आपके विरोध पर बाद में विचार कर सकते हैं। सिर्फ इसलिए कि आपको विरोध करने की आजादी है, इसका मतलब यह नहीं कि आपको इसका इस्तेमाल करना ही होगा।’’

ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर की पत्नी विक्टोरिया भी यहूदी धर्म की अनुयायी हैं। उन्होंने डेनमार्क की अपनी यात्रा बीच में ही छोड़कर आपातकालीन बैठकों के लिए डाउनिंग स्ट्रीट लौट आए। देश के यहूदी समुदायों को संबोधित एक वीडियो संदेश में, उन्होंने उनके सबसे पवित्र दिन पर हुए आतंकवादी हमले के पीछे के ‘दुष्ट व्यक्ति’ की निंदा की और कहा कि यहूदी-विरोध को हराना होगा।

डाउनिंग स्ट्रीट लंदन में उस सड़क का नाम है जहां ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री का कार्यालय एवं सरकारी आवास है और यह स्थान संसद भवन से कुछ ही दूरी पर है।

भाषा धीरज माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments