नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के भवन एवं कारखाना (बीएंडएफ) खंड को घरेलू बाजार में बड़ा ऑर्डर मिला है।
शेयर बाजार को दी सूचना में एलएंडटी ने शु्क्रवार को कहा कि उसके भवन एवं कारखाना (बीएंडएफ) खंड को बेंगलुरु में 59 लाख वर्ग फुट में बनने वाले देश के सबसे बड़े प्रस्तावित आईटी पार्कों में से एक के लिए ऑर्डर मिला है।
कंपनी के अनुसार इस ऑर्डर की लागत 5,000 करोड़ रुपये से 10,000 करोड़ रुपये के बीच है।
हालांकि, एलएंडटी ने उस कंपनी का नाम नहीं बताया जिससे उसे ऑर्डर मिला है।
एलएंडटी ने बताया कि ऑर्डर के तहत परियोजना पूरी तरह से तैयार कर दो चरणों में सौंपी जाएगी।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसे मुंबई में एक मिश्रित उपयोग विकास परियोजना के निर्माण का भी ऑर्डर मिला है जिसे 45 महीनों की समय-सीमा में पूरा किया जाना है।
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
