मॉस्को/बीजिंग, दो अक्टूबर (भाषा) रूस, चीन, पाकिस्तान और कई अन्य देशों में भारतीय मिशन ने बृहस्पतिवार को महात्मा गांधी की 156वीं जयंती उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करके मनाई और शांति एवं अहिंसा के उनके सार्वभौमिक संदेश की स्थायी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने रूस की राजधानी मॉस्को के रामेनकी रेयान पार्क में गांधीजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। रूस के अधिकारी और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, मार्गेरिटा ने 21वीं सदी में आत्मनिर्भरता, सत्य और अहिंसा के गांधीवादी सिद्धांतों के महत्व और प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
बीजिंग में, भारतीय दूतावास ने जिनताई कला संग्रहालय में गांधी जयंती और अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस मनाया। राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।
संग्रहालय अध्यक्ष युआन शिकुन, उनकी पत्नी लुओ शियाओ, प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पाकिस्तान में, भारतीय उच्चायोग की वरिष्ठ अधिकारी गीतिका श्रीवास्तव ने इस्लामाबाद स्थित उच्चायोग के सदस्यों के साथ राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीवास्तव ने पर्यावरणीय स्थिरता के गांधीजी के आदर्शों को स्मरण करने के लिए पौधारोपण भी किया।
कोलंबो में, श्रीलंका के प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या और भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास में गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
नेपाल में, भारतीय राजदूत और दूतावास के अधिकारियों ने गांधीजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और छात्रों तथा शिक्षकों ने गांधीजी के प्रिय भजन गाए।
दक्षिण कोरिया में, भारतीय दूतावास ने सियोल स्थित स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र और योनसेई विश्वविद्यालय में इस अवसर पर गांधीजी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
